'सुप्रीम कोर्ट दबाव में काम नहीं करता', कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह

HIGHLIGHTS
- ललन सिंह ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
- उन्होंने कांग्रेस को अपनी नीतियों पर आत्मचिंतन करने की सलाह दी।
- सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने और अदालत को फैसला करने देने की बात कही।
पटना। जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर देश में अराजकता पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश में अराजकता फैलाने का रहा है। वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर भी पार्टी ने लोकतंत्र विरोधी काम किया था।
ललन सिंह ने कहा कि आज भी कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर अनावश्यक और आपत्तिजनक टिप्पणियां करके देश में अराजकता कायम करना चाहती है।
कांग्रेस को आत्मचिंतन करने की जरूरत: ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को आत्मचिंतन करना चाहिए। उनके मुताबिक, पार्टी की गलत नीतियों और कारनामों के कारण पश्चिम बंगाल, गुजरात, बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में उसकी जड़ें उखड़ चुकी हैं।
ललन सिंह ने कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस पिछलग्गू के रूप में रह गई है और उसका अपना कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी चुनाव आयोग तो कभी सुप्रीम कोर्ट पर सवाल उठा रही है। संवैधानिक संस्थाओं को अपना काम करने देना चाहिए।
'सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करें, अदालत अपना फैसला करेगी'
ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने यह भी सुना है कि 10 सांसदों के हस्ताक्षर लेकर याचिका दायर करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि याचिका दाखिल की जानी चाहिए, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का अपना काम है। अदालत में याचिका दायर होने के बाद उसके गुण-दोष के आधार पर फैसला किया जाएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रदर्शन करने की क्या जरूरत है? ललन सिंह के अनुसार, यह संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने कांग्रेस से आत्मचिंतन करने और अपनी गलत नीतियों में सुधार लाने को कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पर दबाव बनाना चाहती है, जबकि सुप्रीम कोर्ट दबाव में काम नहीं करता।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
ललन सिंह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह बिना प्रमाण के आरोप लगाते रहते हैं और उन्हें अपने व्यवहार में सुधार लाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी को सकारात्मक सोच पर बात करनी चाहिए। ललन सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने के अलावा कोई काम नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.