बैंकॉक के ऑयल डिपो में भीषण आग, धमाके के बाद इलाके को खाली कराने का आदेश

HIGHLIGHTS
- थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बैंगचाक ऑयल डिपो में भीषण आग लगी।
- ऑयल डिपो में जोरदार धमाके के बाद आग भड़की।
- घटनास्थल से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।
बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक ऑयल डिपो में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद पूरे इलाके में काले धुएं का घना गुबार फैल गया।
बैंगचाक ऑयल डिपो में जोरदार धमाके के बाद आग लगी। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों को क्षेत्र खाली करने का निर्देश जारी किया।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बैंगना जिला कार्यालय ने अपने फेसबुक पेज पर बयान जारी कर बताया कि बैंगचाक ऑयल डिपो में विस्फोट हुआ है।
बयान में आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए तत्काल इलाका खाली करने की अपील की गई है।
पूर्वी बैंकॉक में स्थित इस बड़े ऑयल डिपो का संचालन थाई ऊर्जा कंपनी बैंगचाक कॉर्पोरेशन करती है।
आसमान में छाया काले धुएं का गुबार
धमाके के बाद आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। वहीं, काले धुएं का घना गुबार बैंकॉक के आसमान में दूर तक फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन वाहनों के सायरन गूंजने लगे और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। घटना के तुरंत बाद अग्निशमन सेवा और स्थानीय जिला कार्यालय से संपर्क नहीं हो सका।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.