17 साल के भारतीय राहुल से पुतिन की बातचीत, एआई के फायदे और खतरों पर हुई चर्चा

HIGHLIGHTS
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 17 वर्षीय भारतीय राहुल जॉन अजू से AI पर बातचीत की।
- राहुल ने बताया कि उन्होंने खेल-खेल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखी।
- राहुल के मुताबिक, AI हर बच्चे की जरूरत और पसंद के हिसाब से पढ़ाई में मदद कर सकती है।
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और 17 वर्षीय भारतीय किशोर राहुल जॉन अजू के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल को लेकर दिलचस्प बातचीत हुई। इस दौरान राहुल ने बताया कि उसने किस तरह खेल-खेल में एआई सीखी और पढ़ाई में इसका इस्तेमाल किस तरह मददगार हो सकता है। वहीं, पुतिन ने एआई के बढ़ते उपयोग को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसके कारण खासकर युवाओं में खुद सोचने और चीजों को याद रखने की इच्छा कम हो सकती है।
राहुल ने पुतिन को एआई के बारे में क्या बताया?
राहुल ने बातचीत के दौरान कहा, 'मान लीजिए कि मेरी तरह एक बच्चा है, जिसे गणित पसंद है। अगर मैं तस्वीरों, वीडियो और यहां तक कि खेलों के जरिये गणित सीख सकूं तो कैसा रहेगा? वैसे मैंने एआई भी खेल के जरिये ही सीखी है।'
उन्होंने आगे बताया, 'एक दिन गणित की परीक्षा से ठीक पहले मेरे पिता ने मुझसे कहा- राहुल, तुम खेल खेल रहे हो। कल तुम्हारी परीक्षा है। लेकिन मैंने उनसे कहा कि मैं पढ़ाई कर रहा हूं। इस पर उन्होंने कहा- आजकल के बच्चे भी न। लेकिन सर, मेरी बात का मतलब यह है कि मैं मजेदार तरीके से सीख पा रहा था। मैं अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से पढ़ पा रहा था। लेकिन 40 बच्चों की एक कक्षा में एक शिक्षक हर बच्चे को उसकी जरूरत के हिसाब से कैसे पढ़ा सकता है? मेरा मानना है कि यहीं एआई मदद कर सकता है।'
पुतिन ने एआई के इस्तेमाल पर जताई चिंता
राहुल की बात पर पुतिन ने कहा, 'देखिए राहुल, आपने कहा कि हमें चीजों को याद रखने के बजाय सोचना सीखना चाहिए। लेकिन एक खतरा यह भी है कि कोई व्यक्ति, खासकर कोई युवा, चीजों को याद ही नहीं रखना चाहेगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमने पिछले साल भी इस बारे में बात की थी। वह कंप्यूटर के सामने बैठता है। कुछ लिखने के लिए सिर्फ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करता है। वह खुद सोचता नहीं है, बल्कि सिर्फ वही तैयार करता है, जो मशीन उसे देती है। वह कोई काम किसी एआई एजेंट को भी दे देगा। उसके लिए इतना ही काफी होगा।'
पुतिन ने कहा, 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करने से शिक्षा की प्रक्रिया में खतरा पैदा होता है।'
इस पर राहुल ने जवाब दिया, 'यह बहुत अच्छा सवाल है, सर। और मैं इस पर अपनी बात रखना चाहूंगा। मेरा मानना है कि हमें एआई के साथ मिलकर काम करना चाहिए। हमें इसका इस्तेमाल सिर्फ अपनी नौकरियों की जगह लेने के लिए नहीं करना चाहिए।'
कौन हैं राहुल जॉन अजू?
केरल के युवा उद्यमी राहुल जॉन अजू इन दिनों चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी भी ली। राहुल ने मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सम्मेलन में पुतिन के साथ तस्वीर खिंचवाई। इसके बाद से ही वह इंटरनेट पर चर्चा में हैं।
राहुल ने यह तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पेज पर भी साझा की। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 'मैं अभी भी इस पल को समझने की कोशिश कर रहा हूं। बचपन में सिर्फ मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन से मिलने तक का सफर। जिंदगी ने मुझे ऐसे मौके दिए हैं, जिनके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।'
तीन दिवसीय यह सम्मेलन 'एआई जर्नी 2026' गुरुवार को शुरू हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.