प्रयागराज में ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 3 राज्यों से 21 गिरफ्तार; ₹140 करोड़ का नशीला पदार्थ जब्त

HIGHLIGHTS
- प्रयागराज में पुलिस ने ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री का पता लगाया।
- कार्रवाई का संबंध नालासोपारा से शुरू हुई ड्रग जांच से जुड़ा है।
- जांच महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश तक पहुंची।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाराष्ट्र की मीरा रोड पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) पुलिस क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज में ड्रग बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर उसे बंद कर दिया है।
दरअसल, महाराष्ट्र के नालासोपारा से जून में शुरू हुई इस ड्रग्स मामले की जांच का दायरा महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। नालासोपारा में 112 ग्राम MD बरामद होने के मामले की विस्तृत जांच के दौरान पुलिस ने मुंबई, जलगांव, गुजरात, कल्याण, नेरुल और उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाए।
3 राज्यों से 21 लोग गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने तीन राज्यों में छापेमारी कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया है और करीब 140 करोड़ रुपये कीमत की ड्रग्स जब्त की है। जांच के दौरान कल्याण के कुख्यात ‘जालिम गैंग’ और उच्च शिक्षित लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें एक इंजीनियर भी शामिल है। पुलिस मामले की हर दिशा से जांच कर रही है।
इस ऑपरेशन के बारे में ANI से बात करते हुए पुलिस आयुक्त कौशिक ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रयागराज पहुंचकर ड्रग नेटवर्क की जांच के तहत इस निर्माण फैक्ट्री का पूरी तरह भंडाफोड़ किया।
जालिम गैंग से संबंध
उन्होंने कहा, "MBVV क्राइम ब्रांच की टीम ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंचकर एक बड़ी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के तहत हमने अब तक तीन राज्यों से 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लगभग 140 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स जब्त की है।"
कौशिक ने कहा, "इन 21 गिरफ्तार आरोपियों के मामले में चिंता की बात कल्याण के कुख्यात अपराधी गिरोह 'जालिम गैंग' की कथित संलिप्तता है। गिरफ्तार लोगों में से एक के खिलाफ हत्या और जबरन वसूली जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार 21 अपराधियों में से दो का संबंध जालिम गैंग से है... हमें यह जांचने की जरूरत है कि क्या इस गिरोह के सदस्य अब ड्रग्स के वितरण नेटवर्क में शामिल हैं।"
पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच से भारत की सीमाओं के बाहर भी संभावित संबंध होने के संकेत मिले हैं, हालांकि ऐसे संबंधों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जरूरत है। गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपियों में ग्रेजुएट और एक इंजीनियर समेत ई पढ़े-लिखे लोग शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.