प्रयागराज के जॉर्ज टाउन में स्वामीनारायण मंदिर का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला

HIGHLIGHTS
- प्रयागराज के जॉर्ज टाउन में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हुआ।
- बारिश के दौरान स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिर गया।
- मंदिर का हिस्सा पीछे खोदे गए गड्ढे में जा गिरा।
- हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में शुक्रवार देर रात बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां स्वामी नारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर गड्ढे में गिर गया। हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। कुछ देर के लिए लोगों को लगा कि इलाके में कोई बड़ा विस्फोट हुआ है। जब लोग अपने घरों से बाहर निकले तो उन्हें मंदिर का एक हिस्सा पूरी तरह धराशायी मिला।
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे निर्माण कार्य चल रहा था। इसी के चलते मंदिर से सटे हिस्से में एक गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश के दौरान पानी भर जाता था। पिछले तीन-चार महीनों से निर्माण कार्य जारी था, लेकिन इन दिनों बारिश के कारण काम बंद था। आशंका है कि गड्ढे में पानी भरने और निर्माण कार्य के कारण मंदिर में बने कमरे की नींव कमजोर हो गई। इसके बाद शुक्रवार देर रात मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा उसी गड्ढे में भरभराकर जा गिरा।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मंदिर के सुरक्षा गार्ड सूबेदार सिंह ने बताया कि यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरने के लिए आते थे। खासकर दक्षिण भारतीय श्रद्धालु मंदिर में आकर रुकते हैं। हादसे में गिरा मंदिर का हिस्सा धर्मशाला के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था। स्वामी नारायण मंदिर केपी कम्युनिटी सेंटर के सामने जार्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में किसी की जान नहीं जाने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। वहीं, प्रशासन हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.