पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग का इस्तीफा, नए चेहरे की तलाश में हाईकमान

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस हाईकमान ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को अचानक दिल्ली बुलाया।
- पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने उन्हें दिल्ली तलब किया।
- वड़िंग को बदलाव की जानकारी पहले ही दिए जाने की बात कही गई है।
पंजाब। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़े संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को अचानक दिल्ली बुलाया है।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने राजा वड़िंग को दिल्ली तलब किया है। माना जा रहा है कि हाईकमान आज उनसे औपचारिक तौर पर इस्तीफा ले सकता है।
राजा वड़िंग को इस बदलाव के बारे में पहले ही जानकारी दे दी गई थी। इसी वजह से उन्होंने बीते दिन अपने पहले से तय सभी कार्यक्रमों को सीमित कर दिया था।
कौन बन सकता है पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष?
हाईकमान जल्द ही पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकता है। नए अध्यक्ष की दौड़ में तीन प्रमुख नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
- परगट सिंह: पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक।
- विजय इंदर सिंगला: पूर्व केंद्रीय और राज्य मंत्री तथा पार्टी का जाना-माना हिंदू चेहरा।
- सुखजिंदर सिंह सुख सरकारिया: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आगामी चुनावों और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को साधने के लिए हाईकमान जल्द ही नए चेहरे के नाम पर अंतिम फैसला कर सकता है।
राजा वड़िंग ने हाईकमान को भेजा इस्तीफा
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से जारी गुटबाजी के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी में एकजुटता बनाए रखने के लिए अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की है। अब पार्टी हाईकमान नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है।
राजा वड़िंग अपना इस्तीफा हाईकमान को भेज चुके हैं। इस पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जा सकता है। माना जा रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के भीतर चल रही खींचतान को खत्म कर सभी नेताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश के तहत यह कदम अहम है। राजा वड़िंग ने अप्रैल 2022 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद संभाला था।
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा
पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह नया चेहरा लाने की तैयारी की बात सामने आ रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अगले 48 घंटे में इस संबंध में फैसला हो सकता है।
नेतृत्व परिवर्तन की यह कवायद पिछले कई महीनों से पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की अगली कड़ी मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति को लेकर हाईकमान को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है।
इसी रिपोर्ट के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर गतिविधियां तेज होने की बात कही जा रही है। हाईकमान स्तर पर नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन जारी है।
संभावित विकल्पों में विजय इंदर सिंगला, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, परगट सिंह, गुरजीत सिंह औजला और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नाम बताए जा रहे हैं। राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच संगठन और नेतृत्व को लेकर मतभेद भी लगातार चर्चा में रहे हैं।
जुलाई में कांग्रेस हाईकमान ने वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया था। हालांकि, इसके बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर और तेज हो गए। चन्नी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की ओर से संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की जरूरत बताई जाती रही।
दोनों खेमों के बीच जारी खींचतान का असर पार्टी की गतिविधियों और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी दिखाई दिया। इसी स्थिति को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने तत्कालीन पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को संगठन की स्थिति का जायजा लेने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
बघेल ने पंजाब के नेताओं से व्यापक बातचीत की और अलग-अलग गुटों के नेताओं से फीडबैक लिया। इसके बावजूद वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.