अमृतसर में पंजाब पुलिस के ASI की हत्या, गश्त के दौरान बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

HIGHLIGHTS
- एएसआई हरजीत सिंह थाना गेट हकीमां में तैनात थे।
- घटना गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे हुई।
- वारदात के समय वह मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे।
अमृतसर। अमृतसर में गुरुवार देर रात ड्यूटी कर रहे पंजाब पुलिस के एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह रात करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से एएसआई हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एएसआई हरजोत सिंह की हत्या के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, एचडीएफसी बैंक की तरफ से परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल एएसआई की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी है। एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.