पंजाब: अबोहर मंडी में जमकर मारपीट और फायरिंग, दो लग्जरी गाड़ियों में तोड़फोड़

HIGHLIGHTS
- मौके पर ग्रे और सफेद रंग की दो लग्जरी गाड़ियां पहुंची थीं।
- कुछ देर बाद इनोवा से कई युवक वहां पहुंचे।
- दोनों वाहनों पर डंडों और तेजधार हथियारों से हमला किया गया।
अबोहर (फाजिल्का)। अबोहर की अनाज मंडी में वीरवार शाम करीब 6 बजे दो गुटों के बीच हुए विवाद ने माहौल को तनावपूर्ण कर दिया। शैड नंबर-7 के पास दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और इस दौरान दो हवाई फायर भी किए गए।
हमलावरों ने ग्रे और सफेद रंग की दो लग्जरी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे और अन्य हिस्से तोड़ दिए। फायरिंग की आवाज सुनकर मंडी में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद दोनों पक्षों से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे शैड नंबर-7 के पास ग्रे और सफेद रंग की दो लग्जरी गाड़ियां आकर रुकी थीं। आसपास पहले से ही काफी संख्या में युवक मौजूद थे। कुछ देर बाद एक इनोवा वहां पहुंची। उसमें सवार युवक नीचे उतरे और दोनों गाड़ियों पर हमला शुरू कर दिया।
लोगों ने की युवक की पिटाई
पहले से मौके पर मौजूद युवकों ने भी डंडों और तेजधार हथियारों से दोनों गाड़ियों पर हमला किया। इसी बीच दो हवाई फायर किए गए। गोलियां शैड के ऊपर से निकल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने दोनों वाहनों के आगे और पीछे के शीशों के अलावा कई अन्य हिस्सों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी दौरान इनोवा में सवार लोगों ने एक युवक को वाहन से कुचलने का प्रयास किया। युवक किसी तरह बच गया, लेकिन इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी।
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद घायल युवक को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उसकी पहचान जम्मू बस्ती निवासी विक्रमजीत सिंह पुत्र हरदेव सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे फरीदकोट रेफर कर दिया।
मशीनों के पीछे छिपाकर रखे थे 6-6 फीट लंबे कापे
घटना की जानकारी मिलते ही थाना नंबर-1 के प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक दोनों पक्षों के युवक वहां से निकल चुके थे।
इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने शैड के नीचे फसल साफ करने वाली मशीनों के पीछे छिपाकर रखे गए करीब 6-6 फीट लंबे तेजधार कापे निकालकर पुलिस को दिखाए। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों पक्षों के बीच हुआ टकराव अचानक नहीं था और हथियारों के साथ पहले से तैयारी करके मंडी पहुंचने की योजना थी।
तहसील परिसर की घटना से जोड़ा जा रहा मामला
स्थानीय लोग इस विवाद को दो दिन पहले तहसील परिसर में हुई घटना से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी।
विधायक जाखड़ भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक संदीप जाखड़ भी अनाज मंडी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने दिनदहाड़े फायरिंग और मारपीट की घटना पर चिंता जताई और पंजाब सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.