राहुल गांधी का अमेरिका में बड़ा बयान, बोले- आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है भारत

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
- कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था पर बयान दिया।
- राहुल गांधी ने कहा कि भारत आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है।
वाशिंगटन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। राहुल गांधी ने कहा कि देश आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है और यहां बेरोजगारी के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था की भी गंभीर समस्या है।
'भारत आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है'
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है। यही हकीकत है। कोई इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है। भारत की शिक्षा व्यवस्था में भी एक बहुत बड़ी समस्या है।'
मिडिल क्लास युवाओं में बढ़ती निराशा पर बोले राहुल
भारत के युवाओं की स्थिति से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा हालात को लेकर सबसे ज्यादा निराश युवाओं का एक बड़ा वर्ग है, जो मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है। इन युवाओं ने अपनी औपचारिक शिक्षा पूरी कर ली है, लेकिन अब वे अपने भविष्य को लेकर तेजी से निराश हो रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा, 'हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं, इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी वजह काफी दिलचस्प है। असल बात यह है कि इन युवाओं को अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है।'
नई और पुरानी पीढ़ी के बीच बढ़ रही वैचारिक दूरी
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि करियर के अवसर कम होने के कारण युवाओं और उनके माता-पिता के बीच संवाद की कमी और दूरियां बढ़ रही हैं। नई पीढ़ी अब अपने माता-पिता के अनुभवों और उनकी सलाह पर सवाल उठाने लगी है।
माता-पिता के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'युवा आज अपने माता-पिता से सीधे कह रहे हैं कि आप खुद सफल नहीं हैं या आपके पास स्थिर नौकरी नहीं है, इसलिए आप हमें उन रास्तों पर चलने की सलाह न दें जिन पर आप चले थे, क्योंकि वे तरीके अब काम नहीं करते हैं।'
आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में कार्यक्रम
राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका यात्रा पर हैं। 18 नवंबर को उनके यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे वहां छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.