बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में पांच युवकों की मौत, दो गंभीर

HIGHLIGHTS
- बलरामपुर में बुधवार रात दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हुई।
- हादसा उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के सामने हुआ।
- दुर्घटना में पांच युवकों की मौत हो गई।
बलरामपुर। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के सामने बुधवार रात दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर में दोनों बाइकें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने आशंका जताई कि सड़क पर पैदल चल रहे कुछ लोगों को बचाने की कोशिश में दोनों बाइकें आपस में टकरा गई होंगी। हादसे की एक वजह कोहरा भी हो सकता है।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गौरियनडीह निवासी हैदर अली के बेटे मोहम्मद फारूक (17) और मोहम्मद रईस के बेटे सलीम (17), उतरौला के बरदही बाजार निवासी नूर मोहम्मद के बेटे गुफरान (18), श्रीदत्तगंज के छपरतलवा निवासी मैनुद्दीन के बेटे तौफीक (19) और श्रीदत्तगंज के चंदापुर चिताही निवासी नजर मोहम्मद के बेटे फजल मोहम्मद (23) के रूप में हुई है।
वहीं, बड़हरा कोट निवासी सिकंदर अली के बेटे मुज्जमिल (22) और समीर के बेटे नाहिद रजा (18) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर दो क्षतिग्रस्त बाइकें मिली हैं। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सड़क पर पैदल जा रहे लोगों को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकें आमने-सामने टकराई होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोहरा दुर्घटना की वजह हो सकता है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक, अस्पताल में पांच युवकों को मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं, गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलरामपुर भेज दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.