बांग्लादेश में लॉकडाउन के बीच हिंसा, ढाका में बम धमाके; मुहम्मद यूनुस के घर में लगाई आग

HIGHLIGHTS
- बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कई जगह देसी बम धमाके हुए।
- चटगांव के पंचलाइश इलाके में मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगाई गई।
- हिंसा और आगजनी की घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए।
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में तड़के कई जगहों पर देसी बम धमाकों की घटनाएं सामने आईं। वहीं, चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया गया। यह घटनाएं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगुवाई वाली प्रतिबंधित अवामी लीग की ओर से गुरुवार को बुलाए गए लॉकडाउन के बाद हुईं।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। चश्मदीदों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ढाका के कई इलाकों में देसी बम फोड़े गए, आगजनी हुई और तोड़फोड़ की गई।
अवामी लीग के दो नेताओं के घरों को बनाया निशाना
बांग्लादेश के अलग-अलग इलाकों में ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में आग लगाए जाने के बाद अज्ञात उपद्रवियों ने चट्टोग्राम के पंचलाइश इलाके में स्थित यूनुस के पैतृक घर में भी आग लगा दी। अखबारों में प्रकाशित खबरों के अनुसार, रात के दौरान प्रतिद्वंद्वी कार्यकर्ताओं ने ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया या उन्हें आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बताया कि रातभर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। राजधानी के प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए। इसके अलावा, अधिकारियों को शहर के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर वाहनों की तलाशी लेते और मोटरसाइकिल सवारों सहित संदिग्ध वाहनों के चालकों से पूछताछ करते देखा गया।
अवामी लीग ने ऐसे समय में लॉकडाउन बुलाया है, जब पिछले साल एक विशेष ट्रिब्यूनल ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में उनकी गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाकर मौत की सजा सुनाई थी।
संवेदनशील जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों अर्धसैनिक जवानों की तैनाती की गई है। इन जिलों में हसीना का जन्मस्थान दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज भी शामिल है।
BDnews24 की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉकडाउन से पहले ढाका पुलिस ने 24 घंटे तक चले अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में हसीना की कैबिनेट में पूर्व शिक्षा मंत्री रहे नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को ढाका स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया।
रहमान ने अवामी लीग को बताया आतंकवादी संगठन
बुधवार रात प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग की वापसी रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन बताते हुए उसे गिरी हुई, पराजित और सत्ता से बेदखल फासीवादी ताकत करार दिया। साथ ही, इस संगठन को निर्णायक रूप से हराने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया।
मौजूदा संसदीय सत्र की आखिरी बैठक में संबोधन से पहले उन्होंने पार्टी सांसदों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सांसदों से तुरंत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और जमीनी स्तर पर लोगों के बीच अपनी मौजूदगी बनाए रखने को कहा।
सत्ताधारी पार्टी के दो नेताओं की मौत
पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी नरेल जिले में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने बीएनपी के एक मार्च पर हमला किया। इस दौरान सत्ताधारी पार्टी के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा, मंगलवार और बुधवार की रात दक्षिण-पश्चिमी फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में दो अन्य लोगों की जान चली गई। इनमें एक स्थानीय बीएनपी नेता और एक ट्रांसपोर्ट वर्कर शामिल थे।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीएनपी के कम से कम दो पार्टी कार्यालयों और एक नेता के घर में आग लगा दी गई। वहीं, पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में अवामी लीग के कम से कम दो कार्यालयों और प्रतिबंधित पार्टी के नेताओं की पांच संपत्तियों को आग के हवाले किया गया।
इस दौरान बांग्लादेश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 में दर्जनों देसी बम विस्फोट हुए और कई वाहनों को आग लगा दी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.