एनवीडिया में वापसी को तैयार जेनसन हुआंग? बोले- दोबारा CEO बनना सम्मान की बात होगी

HIGHLIGHTS
- एनवीडिया के पूर्व CEO जेनसन हुआंग ने मंगलवार को वापसी को लेकर प्रतिक्रिया दी।
- हुआंग ने कहा कि दोबारा CEO बनने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात होगी।
- उनकी वापसी के समर्थन में ऑनलाइन खुले पत्र पर पौने दो लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
वॉशिंगटन। दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफे के बाद मंगलवार को पहली बार अपनी वापसी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें दोबारा इस पद पर लौटने का अवसर मिलता है तो यह उनके लिए सम्मान की बात होगी।
जेनसन हुआंग की कंपनी में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि हुआंग भी इस संभावना पर विचार कर रहे हैं और अपने करीबी सहयोगियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। वहीं, उनके समर्थक भी उन्हें फिर से कंपनी की कमान सौंपने के लिए अभियान चला रहे हैं। इस मुहिम में स्पेसएक्स प्रमुख एलन मस्क समेत कई टेक लीडर शामिल हैं।
हुआंग की वापसी के समर्थन में जारी ऑनलाइन खुले पत्र पर पौने दो लाख से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं। इनमें एनवीडिया के 8760 मौजूदा कर्मचारी और 1576 पूर्व कर्मचारी भी शामिल हैं। यह पत्र विशेष रूप से तैयार की गई वेबसाइट स्टैंडविदजेनसन डॉट कॉम पर जारी किया गया है।
एशिया दौरे पर रवाना होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वह चाहते हैं कि हुआंग एनवीडिया के सीईओ के रूप में वापस लौटें। हालांकि, रायटर ने सीएनबीसी के हवाले से बताया कि कंपनी का निदेशक मंडल हुआंग की वापसी पर विचार नहीं कर रहा है। उनके खिलाफ जांच जारी है।
प्रेट्र के मुताबिक, खुले पत्र में एनवीडिया के बोर्ड से मांग की गई है कि जब तक हुआंग के खिलाफ ऐसे ठोस सबूत सामने नहीं आते, जिनसे यह साबित हो कि उन्हें पद से हटाना कंपनी के सर्वोत्तम हित में है, तब तक उन्हें कंपनी में बने रहने दिया जाए।
इस पत्र पर एनवीडिया के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के अलावा साझेदारों, शेयरधारकों और समर्थकों ने भी हस्ताक्षर किए हैं। इसमें बोर्ड से तीन कदम उठाने की मांग की गई है। पहली मांग है कि हुआंग को दोबारा सीईओ के पद पर बहाल किया जाए। दूसरी, एक स्वतंत्र जांच और निष्पक्ष सुनवाई कराई जाए, जिसमें अंतिम निर्णय से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर मिले। तीसरी मांग है कि बोर्ड अपनी चिंताओं और उनके समर्थन में मौजूद सबूतों को लेकर समय रहते सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दे।
गौरतलब है कि दो विवाहेतर संबंध सामने आने के बाद 12 नवंबर को एनवीडिया बोर्ड ने घोषणा की थी कि हुआंग ने कंपनी के अध्यक्ष, सीईओ और बोर्ड की सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है।
आईएएनएस ने फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि हुआंग अपने सहयोगियों के साथ सीईओ के रूप में वापसी की संभावनाओं पर बातचीत कर रहे हैं। वहीं, सिलिकॉन वैली की प्रभावशाली हस्तियां और बड़े निवेशक एनवीडिया बोर्ड पर हुआंग की वापसी का समर्थन करने के लिए दबाव बना रहे हैं।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने हाल ही में कहा था कि एनवीडिया के नेतृत्व में बड़े बदलाव की जरूरत है। कंपनी को बाहर से किसी अधिकारी को लाने पर ध्यान देना चाहिए। उनके इस बयान के बाद कई नामों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। इनमें तीन भारतवंशी भी शामिल हैं। प्रमुख नामों में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा, पालो आल्टो नेटवर्क्स के सीईओ निकेश अरोड़ा और गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.