भगवंत मान के काफिले का विरोध करने पहुंचे रवनीत बिट्टू, पंजाब पुलिस ने हिरासत में लिया

HIGHLIGHTS
- बिट्टू PAU के आठ नंबर गेट के पास पहले से मौजूद थे।
- पुलिस ने काफिले के पहुंचने से पहले उन्हें घेर लिया था।
- एक अंडा काफिले में गुजर रहे वाहन की ओर चला गया।
लुधियाना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू को शनिवार को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बिट्टू ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) गेट के पास मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले को शराब की बोतलें, अंडे और टमाटर दिखाए थे।
पीएयू में आयोजित हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला साउथ सिटी की तरफ से निकलकर इंडोर स्टेडियम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीएयू से बाहर निकलने वाले आठ नंबर गेट के पास बिट्टू पहले से अंडे और प्याज लेकर खड़े थे।
पुलिस को उनके इरादे का अंदाजा हो गया था और उसने बिट्टू को घेर लिया। हालांकि, जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला वहां से गुजरा, बिट्टू ने अंडे फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन एक अंडा काफिले में गुजर रहे वाहन की ओर चला गया। इसके बाद पुलिस बिट्टू को अपने साथ ले गई।
कल मेरे काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे। आज मैंने वही अंडे और टमाटर वापस किए हैं। अगर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, उनकी रैलियों और यात्राओं में विरोध प्रदर्शन करेंगे, तो भाजपा कार्यकर्ता भी पंजाब सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हम चुप नहीं बैठेंगे। भाजपा पंजाब से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों और कार्यालयों के बाहर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। पंजाब सरकार के लिए यह स्पष्ट संदेश है, पुलिस कार्रवाई के जरिए राजनीतिक विरोध की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भाजपा कार्यकर्ता हर लोकतांत्रिक विरोध का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे और पंजाब की जनता के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। - रवनीत बिट्टू, पूर्व केंद्रीय मंत्री
बता दें कि यह कार्रवाई उस घटना के एक दिन बाद हुई, जब बिट्टू ने आरोप लगाया था कि बटाला के पास आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया था। उस समय वह बीजेपी की नशा-विरोधी यात्रा में शामिल होने के लिए पठानकोट जा रहे थे।
100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने बनाया निशाना: रवनीत बिट्टू
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को दावा किया था कि आम आदमी पार्टी के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को निशाना बनाया और गाड़ियों पर पत्थर तथा अंडे फेंके।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया था कि इस हमले में दो एस्कॉर्ट गाड़ियां और जैमर गाड़ी क्षतिग्रस्त हुईं। बिट्टू के मुताबिक, दो एस्कॉर्ट गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। उन्होंने यह भी कहा कि जैमर गाड़ी को नुकसान पहुंचाया गया।
बिट्टू ने सरकार पर लगाए आरोप
रवनीत बिट्टू ने घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा था कि यह घटना उस समय हुई, जब उनका काफिला धीमा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
बिट्टू ने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें या उनके साथ मौजूद लोगों को कुछ भी होता है, तो इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के डीजीपी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा था कि इस मामले की जानकारी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय को दे दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.