अजनाला में ASI पर बाइक सवार तीन युवकों ने की फायरिंग, बाजू को छूकर निकली गोली

HIGHLIGHTS
- अजनाला में रविवार रात ASI पर फायरिंग
- बाइक सवार तीन युवकों ने किया पीछा
- आरोपितों ने तीन फायर किए
अमृतसर। अजनाला इलाके में रविवार रात बाइक सवार तीन युवकों ने एएसआइ सुखचैन सिंह पर गोली चला दी। इस हमले में वह बाल-बाल बच गए। गोली उनकी बाजू को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपितों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को आतंकी एंगल और पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
जानकारी के अनुसार, एएसआइ सुखचैन सिंह अमृतसर जीआरपी में तैनात हैं। रोजाना की तरह ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से अजनाला स्थित अपने घर लौट रहे थे। वह सादे कपड़ों में थे। जब उनकी बाइक जगदेव कलां गांव के पास पहुंची, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
खतरे को भांपते हुए सुखचैन सिंह ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपितों ने पीछे से उन पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली उनकी बाजू को छूकर निकल गई।
घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मी ने बाइक नहीं रोकी और रफ्तार बढ़ाकर आरोपितों को चकमा देने में कामयाब रहे। इसके बाद उन्होंने किसी तरह पुलिस को घटना की जानकारी दी और पास के अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच गए।
बता दें कि इससे पहले एएसआइ जोगा सिंह, एएसआइ जसवंत सिंह और एएसआइ हरजीत सिंह को भी गोली मारकर निशाना बनाया जा चुका है। एएसआइ जसवंत सिंह की जान भी बाल-बाल बची थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.