ऋषिकेश: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- 30 अगस्त को पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में मामला सामने आया
- पीड़िता के पिता की शिकायत पर पोक्सो के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई
- मुख्य आरोपी की पहचान सोफियान के रूप में हुई
ऋषिकेश: होटल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ होटल के मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में होटल में नाबालिग को बिना उचित पहचान और सत्यापन के प्रवेश देने, जरूरी रजिस्टर में एंट्री नहीं करने और घटना के समय सीसीटीवी कैमरों के बंद होने की बात सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस ने होटल का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति के लिए एसडीएम को रिपोर्ट भी भेजी है।
बता दें कि 30 अगस्त को पुराने रेलवे स्टेशन के पास चेला चेतराम मार्ग स्थित एक होटल में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ होटल मैनेजर और संचालक को सह आरोपी बनाते हुए पोक्सो के तहत दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान सोफियान (21) निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और उसके रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही थी। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोफियान को हरिद्वार में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया गया।
घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद होने का दावा
प्रभारी निरीक्षक बिष्ट के अनुसार, पुलिस पूछताछ और विवेचना के दौरान यह बात सामने आई कि घटना के समय होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद किए गए थे। इसके अलावा होटल में नाबालिग को जरूरी पहचान और सत्यापन के बिना ठहरने की अनुमति दी गई और आवश्यक रजिस्टर में भी कोई प्रविष्टि नहीं की गई।
विवेचना में सामने आए इन तथ्यों के आधार पर होटल मैनेजर वैभव गुप्ता (34) और संचालक राहुल अग्रवाल (36), निवासी अद्वैतानंद मार्ग को मामले में सह अभियुक्त बनाया गया और दोनों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के मोबाइल से मिले आपत्तिजनक फोटो और वीडियो
पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसका मोबाइल फोन बरामद किया। मोबाइल की जांच में घटना से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने इन डिजिटल साक्ष्यों को विवेचना के लिए महत्वपूर्ण माना है।
बरामद मोबाइल को कब्जे में लेकर उसके डेटा की जांच की जा रही है। इसके जरिए घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
होटल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने होटल प्रबंधन की कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सराय एक्ट के तहत होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए एसडीएम ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में नाबालिगों की पहचान और सत्यापन व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश गया है। प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने पाल्यों के फोन और सोशल मीडिया की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें।
वहीं, होटल संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि बिना पहचान और सत्यापन के कमरा देने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.