UN में भारत का पाकिस्तान पर पलटवार, कहा- सेना की मर्जी से चल रही सरकार

HIGHLIGHTS
- भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के बयान का जवाब दिया।
- भारत की प्रथम सचिव भाविका मंगलानंदन ने पाकिस्तान की सरकार पर सवाल उठाए।
- इमरान खान और उनकी पार्टी को चुनाव में हिस्सा लेने का अधिकार नहीं होने का जिक्र किया गया।
न्यूयॉर्क। भारत ने जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान की टिप्पणी को खारिज करते हुए कहा है कि पाकिस्तान की तथाकथित लोकतांत्रिक सरकार सेना की दया और मर्जी पर काम कर रही है और मुश्किल परिस्थितियों के बीच किसी तरह अपना कार्यकाल पूरा कर रही है। ऐसी सरकार को भारत पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन में पाकिस्तान के बयान के जवाब में भारत ने यह बात कही। भारत ने केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को लेकर पाकिस्तान की ओर से दिए गए बयान को पूरी तरह खारिज कर दिया। भारत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उसके अविभाज्य और अविच्छेद्य हिस्से हैं।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की प्रथम सचिव भाविका मंगलानंदन ने पाकिस्तानी बयान का जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान की तथाकथित सरकार पूरी तरह सेना की दया और इच्छा पर निर्भर है तथा मुश्किलों के बीच जैसे-तैसे अपना कार्यकाल पूरा कर रही है। ऐसे में भारत के संबंध में उसकी टिप्पणी का कोई औचित्य नहीं है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का उल्लेख करते हुए भारत की प्रथम सचिव ने कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री जेल में हैं और बीमार हैं। उन्हें और उनकी पार्टी को चुनाव में हिस्सा लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सेना के दबाव के कारण सरकार इमरान खान की ओर ध्यान नहीं दे रही है और यह पाकिस्तान की सरकार तथा वहां के लोकतंत्र की लाचारी को दर्शाता है।
भारत ने कहा कि अपनी घरेलू समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान की सरकार और सेना भारत के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही हैं। साथ ही, दशकों से सीमापार से आतंकियों को भेजकर भारत को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के जिस हिस्से पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है, वहां के लोग उत्पीड़न और अभावों से परेशान हैं।
भारत की ओर से कहा गया कि रावलकोट और अन्य शहरों में हुई घटनाएं इस बात की गवाह हैं कि वहां के लोगों को पाकिस्तानी सेना के चरम उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। जायज मांगों को दबाने के लिए लोगों की हत्या की जा रही है और उन्हें गायब किया जा रहा है।
भारत ने कहा कि इसके बावजूद पाकिस्तान सरकार अपने लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय भारत के खिलाफ अनर्गल बातें और दुष्प्रचार करने में लगी हुई है। इसका जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भारत ने कहा कि विश्व समुदाय भी सच्चाई से परिचित है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.