एशियन गेम्स में कुश्ती के प्रदर्शन से बृजभूषण शरण सिंह निराश, बोले- उम्मीद के मुताबिक नहीं आया नतीजा

HIGHLIGHTS
- बृजभूषण ने कहा कि महिला पहलवानों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
- उनके अनुमान के मुताबिक भारत को कुल आठ मेडल मिलने थे।
- भारत ने एशियन गेम्स 2026 में कुश्ती के छह मेडल जीते।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पहलवानों के प्रदर्शन को उम्मीद के मुताबिक नहीं बताया है। उनका कहना है कि उन्हें भारतीय पहलवानों से कम से कम आठ मेडल की उम्मीद थी, लेकिन महिला पहलवानों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।
'जो अनुमान था, वैसा प्रदर्शन नहीं हुआ'
बृजभूषण शरण सिंह ने न्यूज एजेंसी 'आईएएनएस' से बातचीत में कहा कि कुश्ती में जैसा प्रदर्शन होने का अनुमान था, वैसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि लड़कियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
उन्होंने बताया कि उनका अनुमान था कि भारतीय पहलवान कुल आठ मेडल जीतेंगे, जिसमें तीन गोल्ड के साथ सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल भी शामिल होंगे, लेकिन भारत के खाते में छह मेडल आए। हालांकि, उन्होंने इसे 1966 के बाद का शानदार नतीजा बताया।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि एशियन गेम्स 2023 के बराबर ही इस बार भी भारत को मेडल मिले हैं, लेकिन इस बार गोल्ड मेडल की संख्या अधिक रही।
कुश्ती पर अभी काम करने की जरूरत
उन्होंने कहा कि कुश्ती में अभी और काम करने की जरूरत है। उनके मुताबिक, पिछले दो से तीन साल में कुश्ती में काफी उथल-पुथल रही, जिसकी वजह से कई अच्छे खिलाड़ी अपना प्रदर्शन दोहरा नहीं सके।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस समय सरकार, खेल संघ और खिलाड़ियों के बीच सामंजस्य बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में आए इन छह मेडल को ओलंपिक में भी हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।
2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे बृजभूषण
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने साफ किया कि वह 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं, अगले संसदीय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समय आने पर फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल संसदीय चुनाव लड़ने को लेकर कोई बयान नहीं दिया जा सकता।
एशियन गेम्स में कुश्ती में भारत का प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष और महिला पहलवानों ने मिलकर कुल छह मेडल जीते। अमन सहरावत ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल रेसलिंग में स्वर्ण पदक जीता।
नितेश सिवाच ने ग्रीको-रोमन के 97 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। महिला पहलवान अंतिम पंघाल ने 53 किलोग्राम फ्रीस्टाइल रेसलिंग में सिल्वर मेडल जीता। वहीं, दीपक पूनिया ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
ग्रीको-रोमन रेसलिंग के 87 किलोग्राम वर्ग में पुरुष पहलवान सुनील कुमार भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.