भाजपा पर यूरोपीय नेता की टिप्पणी से नाराज हुईं इटली की सांसद, बोलीं- भारत के आंतरिक मामलों में दखल ठीक नहीं

HIGHLIGHTS
- इटली की सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने जियाकोमो फिलिबेक की टिप्पणी पर आपत्ति जताई।
- फिलिबेक ने भारत समिट में भाजपा पर निशाना साधते हुए 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा दिया था।
- बर्गामिनी ने कहा कि भारत के अपने राजनीतिक संस्थान और न्यायपालिका हैं।
इटली की सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने भाजपा को लेकर यूरोपीय सोशलिस्ट नेता जियाकोमो फिलिबेक की टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भारत की अपनी राजनीतिक संस्थाएं और न्यायपालिका हैं। देश के भीतर होने वाले राजनीतिक विवादों का निपटारा लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
बर्गामिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि किसी मित्र देश की घरेलू राजनीतिक चर्चा में विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों का दखल देना सही नहीं है। उनकी यह प्रतिक्रिया यूरोपीय सोशलिस्ट्स एंड डेमोक्रेट्स समूह के प्रतिनिधि जियाकोमो फिलिबेक के बयान के बाद आई। फिलिबेक ने हैदराबाद में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था, "वोट चोर, गद्दी छोड़।"
मतदाता सूची में संशोधन को लेकर की गई टिप्पणी
डेबोरा बर्गामिनी ने कहा कि फिलिबेक का बयान ऐसे समय आया है, जब भारतीय विपक्ष सत्तारूढ़ गठबंधन की मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया का मकसद मतदाता सूची से दोहरी प्रविष्टियां, मृत व्यक्तियों के नाम और दूसरे स्थानों पर जा चुके लोगों के नाम हटाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन आरोपों को साबित करने के लिए सबूत भी पेश किए जाने चाहिए।
भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने पर उठाए सवाल
इटली की सांसद ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में व्यापक सहयोग है। ऐसे में भारत जैसे मित्र देश के घरेलू राजनीतिक मामलों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है।
बर्गामिनी ने यूरोपीय प्रतिनिधियों की ओर से भारत को लोकतंत्र पर सलाह दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूरोपीय लोगों के तौर पर ऐसे देश को लोकतंत्र की सीख देना अनुचित लगता है, जहां 97 करोड़ मतदाताओं को मतदान का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा, "भारत के अपने राजनीतिक संस्थान और न्यायपालिका हैं। किसी भी तरह के विवाद का समाधान लोकतंत्र के स्थापित नियमों के अनुसार होना चाहिए।"
फिलिबेक ने राहुल गांधी और कांग्रेस का किया था समर्थन
दरअसल, यूरोपीय सोशलिस्ट्स पार्टी (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने भारत समिट 2026 के दौरान भारतीय लोकतंत्र को खतरे में बताया था। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना जरूरी है।
फिलिबेक ने एएनआई से बातचीत में कहा था कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारत में लोकतंत्र से जुड़ी चुनौतियों की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने का एक अहम माध्यम हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि यूरोपीय सोशलिस्ट्स पार्टी, कांग्रेस और दुनिया के अन्य राजनीतिक संगठन सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए काम करने वाले प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा हैं।
भाजपा ने राहुल गांधी पर विदेशी हस्तक्षेप मांगने का लगाया आरोप
इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी प्रदीप भंडारी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर राहुल गांधी पर भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग करने का आरोप लगाया।
भंडारी ने दावा किया कि राहुल गांधी विदेशी मदद के जरिए सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर भारत में अस्थिरता चाहने वाली विदेशी ताकतों के लिए काम करने का आरोप भी लगाया।
भारत समिट में 70 देशों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट 2026 में करीब 70 देशों के एक हजार प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं और विचारकों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान वैश्विक भू-राजनीति, लोकतंत्र, जलवायु परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रगतिशील राजनीति जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.