अमेरिका में तीसरे दिन भी हवाई संकट बरकरार, 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द

HIGHLIGHTS
- अमेरिका में तीसरे दिन भी हवाई संकट बरकरार, 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द
- अमेरिकी एयर ट्रैफिक सिस्टम पर संकट गहराया, लगातार तीसरे दिन हजारों उड़ानें प्रभावित
- अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था चरमराई, तीन दिन में 15 हजार से अधिक उड़ानें रद्द
अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था पर तकनीकी खराबी का असर लगातार दूसरे दिन रविवार को भी बना रहा और स्थिति और गंभीर हो गई। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने कहा कि सोमवार तक उड़ानों का संचालन सामान्य स्थिति में लौटने की उम्मीद है।
शनिवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार प्रणाली में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके बाद से एयरलाइंस उड़ानों का परिचालन सामान्य करने की कोशिशों में जुटी हुई थीं।
पूरे अमेरिका में प्रभावित हुआ हवाई यातायात
रायटर के मुताबिक, विमानन वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार रात तक अमेरिका में 9,000 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 8,000 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। रविवार को भी करीब 9,200 उड़ानें रद हुईं और 7,500 उड़ानें प्रभावित रहीं। एफएए ने शनिवार को लगभग पांच घंटे तक पूरे देश में उड़ानों के संचालन पर रोक लगा दी थी।
11 सितंबर, 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह हवाई यातायात पर देशव्यापी स्तर पर लगाई गई सबसे लंबी रोक की घटनाओं में से एक थी। इसके चलते 15 लाख से अधिक यात्री अलग-अलग जगहों पर फंस गए। देशभर के हवाई अड्डों पर एक साथ 69 राउटरों ने काम करना बंद कर दिया था। उस समय 3500 विमान हवा में थे।
न्यूयार्क टाइम्स ने एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सीरीयम के हवाले से बताया कि शनिवार को उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू होने पर 14 मिनट के भीतर 90 प्रतिशत विमान अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। हालांकि, रद की गई उड़ानों से जुड़े यात्रियों की मुश्किलें बनी रहीं। जार्जिया, टेक्सास, फीनिक्स और फिलाडेल्फिया में सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिली।
दोहरी चुनौतियों से जूझ रही अमेरिकी एयर ट्रैफिक व्यवस्था
अमेरिका की हवाई यातायात प्रणाली पहले से ही दोहरी चुनौतियों का सामना कर रही है। देश में एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की भारी कमी है। वहीं, पुरानी तकनीक के कारण समस्याएं और बढ़ गई हैं।
राउटर की खराबी से संचार व्यवस्था प्रभावित
परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि एफएए के ठेकेदार एल3हैरिस की ओर से एक दूरस्थ संचार केंद्र में नया राउटर स्थापित करने के दौरान तकनीकी समस्या सामने आई। इसके चलते हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों के रडार और संचार तंत्र में अस्थिरता पैदा हो गई। राउटर में खराबी आने से दूसरे केंद्रों पर डाटा का दबाव भी बढ़ गया।
डफी के अनुसार, हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से ज्यादा कनेक्शन स्थापित करने की कोशिशें हो रही थीं। इसकी वजह से विमानों के साथ संपर्क बनाए रखने में दिक्कत आई। एफएए के कुल 22 में से 17 उड़ान नियंत्रण केंद्र इस समस्या से प्रभावित हुए।
एयरलाइंस ने यात्रियों को दी राहत
डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस ने शनिवार को अपनी करीब 25 प्रतिशत उड़ानें रद कर दीं। वहीं, जेटब्लू ने लगभग 45 प्रतिशत उड़ानों का संचालन रद किया। एयरलाइंस ने यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बाद की तारीखों में टिकट बुक कराने की सुविधा दी है।
एफएए ने भी अतिरिक्त परीक्षण शुरू किए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की तकनीकी गड़बड़ी दोबारा सामने न आए।
ट्रंप ने तोड़ी चुप्पी, बाइडेन सरकार को ठहराया जिम्मेदार
एपी के अनुसार, इस घटना के बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने अमेरिकी संसद से हवाई यातायात प्रणाली के पूरी तरह नवीनीकरण के लिए 50 अरब डालर की मांग की। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका दुनिया का सबसे बेहतरीन सिस्टम तैयार करेगा, जो तेजी और प्रभावी तरीके से 50 साल पुराने सिस्टम की जगह ले सकेगा।
उन्होंने हवाई यातायात व्यवस्था की बदहाली के लिए पिछली डेमोक्रेट पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, एफएए के मुताबिक, बाइडेन प्रशासन ने हवाई अड्डों और ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में सुधार के लिए 25 अरब डालर जारी किए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.