एअर इंडिया फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी देने के मामले में एक्शन, एक यात्री गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिली थी।
- बुधवार सुबह फ्लाइट AI 2772 के शौचालय में धमकी भरा संदेश मिला।
- सुबह करीब 10:37 बजे केबिन क्रू की नजर संदेश पर पड़ी।
कोलकाता। कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने के मामले में एक यात्री को हिरासत में लिया गया है। उसे एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की पुष्टि की। यात्री को बुधवार को हुई घटना के संबंध में पकड़ा गया है। आगे की कार्रवाई के लिए उसे एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाने को सौंप दिया गया है।
उड़ान से पहले विमान के शौचालय में मिला धमकी भरा संदेश
दरअसल, बुधवार सुबह एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ से ठीक पहले विमान के शौचालय में हाईजैक की धमकी वाला एक संदेश मिला। सुबह करीब 10:37 बजे केबिन क्रू ने इस संदेश को देखा। इसके तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए और विमान को उड़ान भरने से रोककर आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया।
विमान में मौजूद सभी 105 यात्रियों को नीचे उतार लिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के साथ यात्रियों और उनके सामान की भी बारीकी से तलाशी ली। इस जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान को उड़ान भरने की मंजूरी दे दी गई।
सुबह की फ्लाइट ने शाम 5:38 बजे भरी उड़ान
तय समय से करीब सात घंटे की देरी के बाद विमान ने शाम 5:38 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। अब इस मामले में एक यात्री को पकड़कर एयरपोर्ट पुलिस को सौंपे जाने के बाद जांच आगे बढ़ी है। हालांकि, प्रेस विज्ञप्ति में हिरासत में लिए गए यात्री की पहचान या धमकी भरे संदेश में उसकी कथित भूमिका के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.