अरुणाचल प्रदेश में भीषण आग, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत; 24 घर जलकर राख

HIGHLIGHTS
- अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में गुरुवार तड़के भीषण आग लगी।
- पारसी-पारलो कस्बे में आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हुई।
- मृतकों में एक महिला, उसके दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के एक कस्बे में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 24 घर जलकर खाक हो गए।
डिप्टी कमिश्नर चीचुंग चुखू ने बताया कि जान गंवाने वालों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। मृतकों में दो बेटे और एक बेटी हैं। महिला का पति अब भी लापता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, आग गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे लगी थी। देखते ही देखते लपटें पारसी-पारलो कस्बे के आसपास बने घरों तक पहुंच गईं। इस घटना में 19 मकान पूरी तरह जल गए, जबकि पांच अन्य घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि आग की शुरुआत रसोईघर से हुई होगी। चुखू ने कहा, 'मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही हो पाएगा।'
पारसी-पारलो कस्बे में 24 घर आग की चपेट में आए
राहत और बचाव अभियान की निगरानी के लिए जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की एक टीम सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी। सूत्रों के अनुसार, पारसी-पारलो कस्बे में अग्निशमन केंद्र मौजूद नहीं है।
वहीं, करीब 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में तैनात दमकल वाहन भी समय पर प्रभावित इलाके तक नहीं पहुंच पाया। माना जा रहा है कि समय पर अग्निशमन सहायता उपलब्ध नहीं होने के कारण तेजी से फैल रही आग पर काबू पाने में मुश्किलें आईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.