गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार ने दो साल की बच्ची को कुचला, मौत

HIGHLIGHTS
- सेक्टर-5 में सोमवार रात हुआ दर्दनाक हादसा
- घर के बाहर खेल रही थी दो साल की बच्ची
- CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसे का घटनाक्रम
गुरुग्राम: सेक्टर-5 में सोमवार रात करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई।
हादसे का पूरा घटनाक्रम सामने आए CCTV फुटेज में कैद हुआ है। फुटेज में नजर आ रहा है कि कार के मोड़ पर आते ही एक बच्चा भागकर रैंप पर चढ़ जाता है, जबकि दूसरी तरफ खेल रही बच्ची कार की चपेट में आ जाती है।
रैंप पर महिलाएं कर रही थीं बातचीत, सड़क पर खेल रहे थे बच्चे
CCTV फुटेज में कॉर्नर वाले मकान के गेट के बाहर बने रैंप पर दो महिलाएं खड़ी होकर बातचीत करती नजर आ रही हैं। रैंप के आगे सड़क पर दो बच्चे खेल रहे थे।
इसी दौरान एक कार सड़क से आती है और मोड़ पर मुड़ती है। कार को सामने आते देखकर एक बच्चा दौड़कर रैंप पर चढ़ जाता है, लेकिन बच्ची कार की चपेट में आ जाती है। कार के नीचे बच्ची के आने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मृत बच्ची की पहचान अधी तिवारी के रूप में हुई है। उसके पिता वीरेंद्र तिवारी आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं। हादसे के बाद स्वजन बच्ची को तत्काल मणिपाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तेज आवाज और बच्ची की चीख सुनकर परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद बच्ची के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कार चालक के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, कार चालक सेक्टर-5 का ही रहने वाला बताया जा रहा है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस हादसे से संबंधित CCTV फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम को समझने के साथ मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.