पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज, राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे राजा वड़िंग

HIGHLIGHTS
- अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग गुरुवार शाम चंडीगढ़ से दिल्ली रवाना हुए।
- चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर वड़िंग ने कहा कि फिलहाल उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं है।
- शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।
पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग गुरुवार शाम चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वड़िंग शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं और फिलहाल उनके पास इस बारे में बताने के लिए कुछ नहीं है।
वड़िंग ने कहा कि शुक्रवार को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद ही वह पूरे मामले पर कुछ स्पष्ट कर पाएंगे। उनके दिल्ली रवाना होने के साथ ही पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलें और तेज हो गई हैं।
पिछले 24 घंटे से यह चर्चा चल रही है कि कांग्रेस हाईकमान वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाने का मन बना चुका है। उनकी जगह विजय इंदर सिंगला को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की भी चर्चा है।
हाईकमान की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, कांग्रेस हाईकमान की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पत्र या निर्देश जारी नहीं किया गया है। किसी बड़े कांग्रेस नेता ने भी इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है।
इसी बीच वड़िंग के सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्हें ‘पूर्व अध्यक्ष’ के रूप में अपडेट किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पद में बदलाव की चर्चाओं को और बल मिला है। हालांकि, सोशल मीडिया प्रोफाइल में हुआ बदलाव अभी आधिकारिक निर्णय नहीं माना जा सकता।
पंजाब कांग्रेस के कई नेता दिल्ली पहुंचे
पंजाब कांग्रेस में बढ़ी हलचल के बीच पार्टी के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनमें सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शामिल हैं। राजा वड़िंग भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के भी दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा चन्नी समर्थक कुछ अन्य नेताओं के भी दिल्ली पहुंचने की चर्चा है। ऐसे में शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ राजा वड़िंग की होने वाली मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस मुलाकात के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हाईकमान की ओर से अगला कदम क्या होगा। पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में संभावित बदलाव को लेकर कांग्रेस के भीतर हलचल बढ़ गई है।
अब सभी की नजर इस पर है कि हाईकमान नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कब आधिकारिक फैसला करता है और राहुल गांधी के साथ राजा वड़िंग की मुलाकात के बाद स्थिति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.