तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचे सुखबीर बादल, पंजाब की शांति के लिए की अरदास

HIGHLIGHTS
- तख्त श्री दमदमा साहिब में सुखबीर और हरसिमरत बादल ने टेका माथा
- सुखबीर बादल ने पंजाब की अमन-शांति और खुशहाली के लिए की अरदास
- हमले के बाद समर्थन देने वाली संगत का सुखबीर बादल ने जताया आभार
बठिंडा। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल और सांसद हरसिमरत कौर बादल मंगलवार को तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचे और माथा टेका। सुखबीर बादल अपने ऊपर हुए हमले के बाद शुक्राना करने के लिए तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंजाब की अमन-शांति और खुशहाली के लिए अरदास की और उनके लिए अरदास करने वाली संगतों का धन्यवाद किया।
तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेकने के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि वह उन सभी संगतों के आभारी हैं, जिन्होंने उनके लिए अरदास की और कठिन समय में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि वह आज पंजाब आए हैं और उनका एक ही संदेश है कि पंजाब को बचाया जाए।
सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि पंजाब में ऐसी ताकतें सक्रिय हो गई हैं, जो पंजाब को अपना घर नहीं मानतीं और पंजाब की लीडरशिप को खत्म करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि इन ताकतों का निशाना सिख नेतृत्व को कमजोर करना और पंजाब में अमन-शांति को भंग करना है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग पंजाब के पुराने बुरे दौर को वापस लाना चाहते हैं, लेकिन अकाली दल किसी भी कीमत पर पंजाब की शांति को भंग नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल शहीदों, पंजाब और खालसा पंथ की 105 साल पुरानी जत्थेबंदी है। पार्टी ने आजादी से पहले अंग्रेजों के खिलाफ और उसके बाद पंजाब के हितों के लिए संघर्ष किया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी की प्रधानगी की जिम्मेदारी मिली है और वह पंजाब की शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना और पंजाब की खुशहाली अकाली दल का मुख्य मिशन है। उन्होंने परमात्मा से पंजाब को फिर से खुशियों से भरने की अरदास की।
परमात्मा ने हर बार रक्षा की: हरसिमरत
सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि सुखबीर बादल के घावों के टांके खुल चुके हैं और अब प्रभावित स्थान पर प्लास्टर लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का माहौल खराब करने के प्रयास किए जा रहे हैं और इसी वजह से विरोधी ताकतों की ओर से सुखबीर बादल को निशाना बनाया जा रहा है।
हरसिमरत कौर ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सुखबीर बादल पर जितने भी हमले हुए, हर बार परमात्मा ने उनकी रक्षा की है। उन्होंने सुखबीर बादल की सलामती के लिए अरदास करने वाली संगत और शुभचिंतकों का भी धन्यवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अकाली दल के कार्यकर्ता और संगत मौजूद रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.