इजरायल में भारतीय कामगार की संदिग्ध मौत, अपार्टमेंट में खून से लथपथ मिला शव

HIGHLIGHTS
- यरूशलम के कटामोन इलाके में एक भारतीय कामगार का शव अपार्टमेंट से बरामद हुआ।
- पुलिस ने हत्या के शक में इलात निवासी 31 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की।
- इजरायल में करीब 32 हजार भारतीय कामगारों के होने की जानकारी, ज्यादातर निर्माण और केयरगिवर क्षेत्र में कार्यरत।
यरूशलम। इजरायल में काम करने वाले एक भारतीय नागरिक का शव यरूशलम के कटामोन इलाके में एक अपार्टमेंट से बरामद हुआ है। स्थानीय मीडिया ने पुलिस के हवाले से बताया कि करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला और आसपास खून फैला हुआ था।
मोरियाह पुलिस स्टेशन के प्रमुख युवल रूवेन ने बताया कि पुलिस को पीड़ित का शव घर के अंदर मिला, जिसके चारों ओर काफी मात्रा में खून था।
पुलिस के अनुसार, अभी तक मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इजरायली अधिकारियों ने मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में आपराधिक पहलू सामने आने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने हत्या के संदेह में दक्षिणी शहर इलात के 31 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।
इजरायल में कितने भारतीय कामगार हैं
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2024 तक इजरायल में करीब 32,000 भारतीय कामगार मौजूद थे। मंत्रालय ने बताया कि इनमें लगभग 12,000 भारतीय अक्टूबर 2023 के बाद इजरायल पहुंचे थे।
नवंबर 2023 में हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत वर्ष 2024 में 6,365 भारतीय कामगार इजरायल पहुंचे, जबकि अन्य लोग निजी माध्यमों से वहां गए।
फरवरी में भारत और इजरायल के बीच अगले पांच वर्षों में 50,000 और भारतीय कामगारों के इजरायल जाने को लेकर सहमति बनी थी।
यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई बैठक के दौरान लिया गया था। दोनों नेताओं ने इजरायल में भारतीय कामगारों के योगदान की सराहना की थी। इजरायल में भारतीय नागरिक मुख्य रूप से निर्माण क्षेत्र और देखभाल यानी केयरगिवर के काम में जुड़े हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.