ईंट-भट्ठे पर नौकरी का झांसा देकर 3.23 लाख की ठगी, रकम मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

HIGHLIGHTS
- ताजपुर कलां निवासी अमित कुमार ने पुलिस को तहरीर दी।
- आरोपियों ने पहले 63 हजार रुपये उधार लिए थे।
- 14 सितंबर को 2.60 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और एडवांस के तौर पर लिए गए।
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम दिलाने का झांसा देकर 3.23 लाख रुपये लेने और बाद में रकम वापस नहीं करने का मामला सामने आया है। ताजपुर कलां निवासी अमित कुमार ने चरथावल देहात निवासी सात लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को तहरीर देकर रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अमित कुमार के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें पंजाब के संगरूर और बरनाला जिले में स्थित ईंट-भट्ठों पर पथेर का काम दिलाने की बात कही थी। आरोप है कि काम दिलाने के नाम पर सबसे पहले उनसे 63 हजार रुपये उधार लिए गए। इसके बाद 14 सितंबर को 2.60 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और एडवांस के तौर पर लिए गए। पीड़ित का कहना है कि रकम के लेनदेन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
पंजाब जाने के लिए बुक कराया गया था ट्रक
अमित के मुताबिक, 15 सितंबर को पंजाब जाने के लिए ट्रक किराए पर बुक कराया गया था। इसके बाद जावेद, मौ. इनाम, शमीम, आबिद, माजिद हसन, महमूद और आस मौहम्मद ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और वहां से गायब हो गए। पीड़ित का आरोप है कि काफी तलाश करने और संपर्क की कोशिश के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
न काम मिला और न वापस हुई रकम
अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों ने मजदूरी का काम और पंजाब में रोजगार दिलाने का भरोसा देकर उनसे पैसे लिए थे। तय समय पर न तो उन्हें काम के लिए पंजाब ले जाया गया और न ही उनकी रकम लौटाई गई। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद मिले। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ऑनलाइन लेनदेन और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच
पुलिस को दी गई तहरीर में अमित कुमार ने सातों आरोपियों के नाम के साथ उनके पिता के नाम भी दर्ज कराए हैं। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के अलावा ऑनलाइन लेनदेन और कथित वीडियो रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.