बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी से पहले तनाव, ढाका एयरपोर्ट के पास दो बम धमाके

HIGHLIGHTS
- बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर तनाव बढ़ा।
- सोमवार रात ढाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो देसी बम धमाके हुए।
- विस्फोटों में तीन राहगीर मामूली रूप से घायल हो गए।
ढाका। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। संभावित हिंसा की आशंकाओं के बीच देशभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। इसी बीच सोमवार रात ढाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक दो देसी बम धमाके हुए। इन घटनाओं में तीन राहगीर घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, पहला बम हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास फटा, जबकि दूसरा विस्फोट एयरपोर्ट के नजदीक जसीमउद्दीन इलाके में फ्लाईओवर के पास हुआ। इन धमाकों के बाद पूरे देश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शेख हसीना की वापसी से क्या है धमाकों का कनेक्शन?
ये धमाके ऐसे समय में हुए हैं, जब बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने संभावित वापसी को लेकर एक बार फिर तनाव का माहौल है। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद हसीना की सरकार गिर गई थी और उन्हें देश छोड़कर भारत आना पड़ा था। तब से वह भारत में रह रही हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इन धमाकों का शेख हसीना की संभावित वापसी से कोई संबंध है या नहीं।
'ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कामरुल इस्लाम तालुकदार ने बताया कि उपद्रवियों ने दो बम विस्फोट किए, जिनमें तीन राहगीरों को मामूली चोटें आईं। उन्होंने कहा कि बम फ्लाईओवर से फेंके गए थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
शेख हसीना की वापसी के विरोध में कई जगह हिंसा
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। इस दौरान ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं। पुलिस ने इनमें से कई घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
बंगाली दैनिक 'प्रोथोम आलो' ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि तोड़फोड़ की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के गढ़ माने जाने वाले अन्य जिलों के लिए विशेष सुरक्षा योजनाएं तैयार की हैं।
दिसंबर के पूरे महीने इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही देशभर में खुफिया निगरानी भी बढ़ा दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक (IGP) मो. अली हुसैन फकीर ने सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आठ महानगर क्षेत्रों के पुलिस आयुक्तों और आठ रेंज के उप-महानिरीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.