गाजियाबाद में निर्माण स्थल पर मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत

गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित सनसिटी इलाके में मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन स्कूल परिसर में बड़ा हादसा हो गया। नेहरू वर्ल्ड स्कूल की बिल्डिंग के लिए नींव खोदने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा, जिससे दोनों मजदूर गंभीर रूप से दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को गंभीर हालत में मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सूरज और 55 वर्षीय रामजीलाल के रूप में हुई है। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के कांसदा गांव के निवासी बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.