उत्तरकाशी में सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान हंगामा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस की झड़प

HIGHLIGHTS
- राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में चल रहा था सेवा संकल्प कार्यक्रम।
- कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा मौजूद थे।
- कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री से सवाल पूछने जा रहे थे।
उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में चल रहे सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। कार्यक्रम में मौजूद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और जिला योजना में कथित बंदरबांट को लेकर सवाल करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस ने गेट पर रोक दिया।
इस दौरान गेट पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। झड़प में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कपड़े भी फट गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने आरोप लगाया कि प्रभारी मंत्री जिला योजना का आवंटन ठेकेदारी प्रथा रोकने के लिए किए जाने की बात कह रहे हैं, लेकिन इसमें जमकर कमीशनखोरी और अन्य कारनामे किए गए और किए जा रहे हैं।
प्रदीप रावत ने कहा कि यहां कमीशनखोरी को बढ़ावा दिया गया है। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं और स्कूल बंद हो रहे हैं। सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे गए हैं।
उन्होंने कहा कि आईटीआई से लेकर पॉलिटेक्निक के भवनों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी भवन तैयार नहीं हो पाए हैं। आम लोग सड़कों पर परेशान हैं और दूसरी ओर सेवा संकल्प के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
हंगामे के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली ले गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.