सीएम धामी के जन्मदिन पर युवा संकल्प दिवस, युवाओं को दिलाए गए तीन संकल्प

HIGHLIGHTS
- रेंजर्स ग्राउंड में युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ।
- सीएम ने नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
- युवाओं को अपनी सफलता का हिस्सा राज्य के लिए समर्पित करने की अपील।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। अपने जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से तीन संकल्पों का गुलदस्ता मांगा। पहला संकल्प जीवन में एक बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करना है। दूसरा, नशे से खुद दूर रहना और अपने साथियों को भी इससे बचाना है। तीसरा, जिस भी क्षेत्र में सफलता मिले, अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड की पावन भूमि के विकास और जनकल्याण के लिए जरूर समर्पित करना है।
रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने युवाओं से कहा कि वे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी बनें या जनसेवा के क्षेत्र में जाएं, लेकिन इन सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक जरूर बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें भी लगातार नई ऊर्जा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद देवभूमि उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
उद्योगों के स्वरूप में बदलाव ला रहा एआई
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल टेक्नोलॉजी रोजगार और उद्योगों के स्वरूप में तेजी से बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार आधुनिक कौशल से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के जरिए भी स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जनपदों में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
युवा आयोग का गठन अहम कदम
सीएम ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार चाहती है कि युवाओं से जुड़ी नीतियां बनाने में उनकी आवाज और भागीदारी भी सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि युवा आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का काम करेगा। इसके अलावा नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति युवाओं को जागरूक करने में भी आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.