नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वह अब विपक्षी दलों के 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा नहीं है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं दिखी।

संजय सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के बाद कांग्रेस ने न तो किसी समन्वय बैठक की और न ही गठबंधन को मजबूत करने की कोई ठोस पहल की। उन्होंने आरोप लगाया, “कभी अखिलेश यादव, कभी ममता बनर्जी और कभी उद्धव ठाकरे की आलोचना की जाती है। क्या कांग्रेस ने विपक्ष को एकजुट रखने की कोई कोशिश की?” उन्होंने कहा कि यह बच्चों का खेल नहीं है, बल्कि देश के भविष्य का सवाल है।

गुजरात उपचुनाव के बाद फिर गरजे केजरीवाल

संजय सिंह ने बताया कि पार्टी भाजपा के खिलाफ पहले भी मुखर रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी अब स्वतंत्र रूप से चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। गुजरात के विसावदर उपचुनाव में मिली जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि उसने भाजपा के इशारे पर AAP को हराने की कोशिश की थी।

संजय सिंह ने कहा, “हमने दिल्ली और हरियाणा में विधानसभा चुनाव अकेले लड़े। पंजाब और गुजरात के उपचुनाव भी पार्टी ने अपने दम पर लड़े। बिहार विधानसभा चुनाव भी हम अकेले लड़ेंगे। 'इंडिया' गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था, अब हम उसका हिस्सा नहीं हैं।”

INDIA गठबंधन की बैठक से पहले सियासी गर्मी

पार्टी के इस बयान से ठीक एक दिन पहले ‘इंडिया’ गठबंधन की शनिवार शाम होने वाली वर्चुअल बैठक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी दल मौजूदा हालात पर चर्चा करने वाले हैं।