नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार तड़के सुभाष नगर में एक तेज रफ्तार कार ने डिलीवरी ब्वॉय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में सुबह लगभग तीन बजे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और कार को जब्त कर लिया गया है। जांच जारी है और पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।

शकरपुर में भी वाहन क्षतिग्रस्त

पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में भी शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने कई रेहड़ी-पटरी वालों की गाड़ियों को टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किआ सेल्टोस कार के चालक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी। इस हादसे में कार समेत अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

द्वारका में हाल ही में हुआ था दर्दनाक हादसा

दिल्ली में हाल ही में द्वारका साउथ के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बिना लाइसेंस वाले नाबालिग ड्राइवर की कार और बाइक की टक्कर के कारण हुई थी।

राजधानी में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क पर होने वाले हादसों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोगों और सड़क पर काम करने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है।