ऊना-धर्मशाला मुख्य मार्ग पर बडूही में बुधवार सुबह हरियाणा रोडवेज की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में परिचालक की मौत हो गई। जबकि अन्य छह लोग घायल हैं। गंभीर रूप से घायल एक महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। चहीं अन्यों का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार चल रहा था। पुलिस ने इस संबंध में बस चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के दौरान बस में करीब 15 सवारियां बैठी थी।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे हरियाणा रोडवेज की बल्लभगढ़ से बैजनाथ जा रही बस अनियंत्रित होकर बड़ूही में सफेदे के पेड़ से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर बस दूसरी दिशा में घूमकर एक घर में घुस गई। इससे घर के भीतर सो रहे मां-बेटा भी इसकी चपेट में आने से घायल हो गए। दुर्घटना में चालक पेड़ से टक्कर के समय बस से गिर गया और उसकी टांगें टूट गई। वहीं, टकराने के बाद बस के घर के भीतर घुस गई, जिससे परिचालक की मौत हो गई।

परिचालक के सिर और मुंह पर चोटें आई थी। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (45) पुत्र सुखरम पाल निवासी गांव खेड़ा भवानियां तहसील व जिला महेंद्रगढ़ हरियाणा के रूप में हुई है। वहीं चालक भूपिंदर सिंह पुत्र सतवीर सिंह निवासी गांव व डाकघर डुवल ढान जिला झज्जर हरियाणा का रहने वाला है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य को अंजाम दिया। बस दुर्घटना में बैजनाथ पपरोला के रहने वाले चंदन चौहान, उनकी पत्नी संगीता और दो वर्षीय की बेटी शमया भी घायल हुई है।

हादसे के बाद सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान संगीता को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। बड़ूही स्थित जिस घर में बस घुसी, वहां सो रहे नितिन चौधरी पुत्र तिलक राज और माता रेखा देवी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।