नरेंद्र मोदी रविवार शाम को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ ले सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चल रही है कि जेपी नड्डा को मंत्री बनाया जा सकता है। ऐसे में नए चेहरे को पार्टी की कमान मिल सकती है। जेपी नड्डा करीब साढ़े चार वर्ष से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। जेपी नड्डा 2012 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। 2014 में जब अमित शाह ने अध्यक्ष पद संभाला तो उन्हें पार्टी के संसदीय बोर्ड का सदस्य बनाया गया।
2019 में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चुना गया। अमित शाह के मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने और गृह मंत्री बनने के बाद 2020 में नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। सूत्र बताते हैं कि अब जेपी नड्डा अगर अध्यक्ष पद से हटते हैं तो केंद्र सरकार में मंत्री बन सकते हैं। नड्डा वर्तमान में गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं।
कंगना रणौत की भी लग सकती है लॉटरी
बालीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मंडी संसदीय सीट से चुनाव लड़ाकर सभी को चौंकाया था। अब मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में कंगना को शामिल कर भाजपा महिला सशक्तिकरण को लेकर भी संदेश दे सकती हैं। चर्चा है कि पार्टी का राष्ट्रीय चेहरा बन चुकी कंगना भी मंत्रीपद की दौड़ में शामिल है। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रखने के लिए कंगना को केंद्र सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा देकर कोई छोटा मंत्रालय दिया जा सकता है, जहां रहकर वो सरकार के कामकाज को सीख सकें।