हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को तुरंत प्रभाव से भंग कर दिया गया है। संगठन के महासचिव पूर्ण चंद ने बताया कि हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सोहन वर्मा ने अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खेड़ा और प्रदेश की पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अनुमोदन से यह फैसला लिया है। शीघ्र ही स्थायी सदस्यों को आमंत्रित कर प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके बाद जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया जाएगा।
पूर्ण चंद ने बताया कि हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनावों में दिन-रात जमीनी स्तर पर कार्य कर कांग्रेस पार्टी को जिताने में सहयोग किया है। राष्ट्रीय नेतृत्व और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और वरिष्ठ कांग्रेस पार्टी नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखने वाले कार्यकर्ताओं, किसानों-बागवानों, पशुपालकों, सब्जी उत्पादकों को नई कार्यकारिणी में शामिल किया जाएगा।