हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल के टिकरीगढ़ गांव के धीरज कुमार भी यूक्रेन के सूमी शहर में फंसे हुए हैं। वह सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के छात्र हैं। धीरज कुमार वर्ष 2017 में सूमी गए थे। धीरज के परिजन चिंतित हैं। धीरज के पिता ललित कुमार को उम्मीद है कि बेटा जल्द सुरक्षित घर लौट जाएगा।  वहीं, यूक्रेन के खार्किव में जिले के दो एमबीबीएस प्रशिक्षु फंसे हुए हैं। हॉस्टलों, मेट्रो स्टेशन और बंकरों में चंबा के दो बच्चों समेत ढाई सौ लोग फंसे हैं।

रूस के हमले के बाद हो रही गोलीबारी के कारण ये लोग बाहर तक नहीं निकल पा रहे हैं। इन लोगों को अब भूखे-प्यासे समय काटना पड़ रहा है। हालात बिगड़ने पर बच्चों की चिंता में परिजन व्याकुल हो उठे हैं। परिवार के सदस्यों की अब भारतीय एंबेसी और भारत सरकार के निर्णय पर ही निगाहें टिकी हैं। अब परिवार के लोग टीवी से पल भर अपनी निगाहें नहीं हटा रहे हैं।