केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में पैसे की कमी नहीं है ईमानदार नेताओं की कमी है। हमने साफ कहा है कि हमें गुणवत्ता चाहिए। ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी है कि सड़क निर्माण में गड़बड़ी करोगे तो बुल्डोजर के नीचे दबा दूंगा। उन्होंने कहा कि अब स्मार्ट गांव बनाने होंगे। गांव के युवाओं को रोजगार देना होगा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में आयोजित दो दिवसीय पशु एवं कृषि मेले का शुभारंभ करने के बाद विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक गांव और किसान समृद्ध नहीं होंगे, तब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं हो सकता। किसान गेहूं, धान, गन्ने की खेती करके नहीं, बल्कि नई तकनीक से आधुनिक खेती कर आर्थिक रूप से मजबूत होगा। किसान को कम लागत में पशुओं के दूध और खेती का उत्पादन बढाना है। 

उन्होंने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर से मुजफ्फरनगर को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय पशुपाल मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, वीके सिंह, संजीव बालियान, प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, जितिन प्रसाद, कपिलदेव अग्रवाल ने भी विचार व्यक्त किए।

मेले में दिखी उत्तर भारत की संस्कृति की झलक
पशु प्रदर्शनी और कृषि मेले में उत्तर भारत की झलक दिखी। गेहूं, गन्ने, मोटा अनाज से लेकर खेत-खलिहान की तस्वीर नजर आई। बुलंदशहर और पलवल के हुरियारों ने सांस्कृतिक विरासत साझा की तो किसान गदगद हो गए। मेले हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के पशुपालक अपने पशु लेकर पहुंचे।