नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की सफल अंतरिक्ष यात्रा पर प्रशंसा प्रस्ताव पारित किया है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह मिशन भारत के अपने अंतरिक्ष स्टेशन की दिशा में एक बड़ा कदम है।
“देश के लिए गर्व का क्षण”
मंत्री वैष्णव ने कहा, “मंत्रिमंडल ने शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से वापसी पर उन्हें बधाई दी है। यह पूरे राष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण अवसर है।” उन्होंने बताया कि यह मिशन न केवल भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं का प्रतीक है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा भी बन गया है।
ISRO को दी बधाई
उन्होंने आगे कहा कि यह 18 दिवसीय ऐतिहासिक मिशन भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में मील का पत्थर है। “कैबिनेट इस अवसर पर इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को भी बधाई देता है, जिन्होंने इस सफलता को संभव बनाया,” वैष्णव ने कहा।
2047 के विजन को मिलेगा बल
शुभांशु की अंतरिक्ष यात्रा को भारत के विकास के व्यापक लक्ष्य से जोड़ते हुए वैष्णव ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल तकनीकी प्रगति का प्रतीक है, बल्कि युवाओं को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देगी। “प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को यह मिशन नई ऊर्जा प्रदान करेगा,” उन्होंने जोड़ा।
भारत वापसी अगले महीने
गौरतलब है कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हाल ही में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से अपनी 18 दिन की अंतरिक्ष यात्रा पूरी कर पृथ्वी पर सकुशल लौटे हैं। हालांकि, वे भारत अगस्त के मध्य तक ही वापस पहुंच पाएंगे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के अनुसार, उनके मिशन की पश्चातवर्ती प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद वे 17 अगस्त तक स्वदेश लौटेंगे।
शुभांशु की यह उपलब्धि भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मानव मिशन की तैयारियों को भी मजबूती देती है।