यूपी कैबिनेट की बैठक आज, सेमीकंडक्टर नीति और जेवर एयरपोर्ट विस्तार समेत 24 प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

HIGHLIGHTS
- सेमीकंडक्टर नीति-2024 के तहत इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड को वित्तीय सहायता देने का प्रस्ताव।
- इसके लिए 145.71 करोड़ रुपये यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन को ट्रांसफर करने पर विचार।
- आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में 'डीप टेक यू-हब' बनाने का प्रस्ताव।
उत्तर प्रदेश सरकार की बुधवार शाम को होने वाली कैबिनेट बैठक में सेमीकंडक्टर नीति, जेवर एयरपोर्ट के विस्तार और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की सुरक्षा सहित 24 अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
मुख्य सचिव एसपी गोयल की ओर से जारी कार्यसूची के मुताबिक, बैठक में सेमीकंडक्टर और आईटी सेक्टर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा समेत कई क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
सेमीकंडक्टर और आईटी सेक्टर: उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2024 के तहत 'इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड' को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए 145.71 करोड़ रुपये यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में 'डीप टेक यू-हब' बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल सकती है।
नागरिक उड्डयन और अवस्थापना: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के स्टेज-2/फेज-1 के विस्तार के लिए विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के मद्देनजर अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना (उड़ान) के तहत एमओयू को मंजूरी दिए जाने की संभावना है।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 4.19 एकड़ नॉन-जेडए भूमि गृह मंत्रालय को निःशुल्क पट्टे पर देने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।
स्वास्थ्य और चिकित्सा: एम्बुलेंस सेवा '102' और आपातकालीन चिकित्सा परिवहन सेवा '108' के तीसरे चरण के संचालन के लिए नए ऑपरेटरों के चयन पर विचार किया जाएगा।
अन्य बड़े फैसले: बैठक में बाराबंकी में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक क्लस्टर की स्थापना, बागपत में पीपीपी मोड पर अंतरराष्ट्रीय योग एवं आरोग्य केंद्र विकसित करने और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2026 के प्रख्यापन सहित कुल 24 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.