'हार स्वीकार लेकिन...', गौरव गोगोई ने ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल

असम विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को मिली बड़ी जीत के बाद कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव संचालन को लेकर कई गंभीर आशंकाएं सामने आई हैं, जिनमें ईवीएम प्रणाली और प्रशासनिक भूमिका से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
भाजपा को बधाई, लेकिन प्रक्रिया पर सवाल
गौरव गोगोई ने भाजपा गठबंधन को जीत की बधाई देते हुए जनादेश स्वीकार किया, लेकिन साथ ही कहा कि चुनाव प्रक्रिया के कई पहलुओं पर गंभीर चर्चा जरूरी है। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा गठबंधन ने 82 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। गौरव गोगोई खुद जोरहाट सीट से चुनाव हार गए।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से पार्टी को झटका जरूर लगा है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भूमिका निभाती रहेगी और जनता से जुड़े मुद्दे उठाती रहेगी।
ईवीएम और प्रशासन पर समीक्षा की तैयारी
कांग्रेस ने घोषणा की है कि जल्द ही गुवाहाटी में सभी प्रत्याशियों की एक समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में ईवीएम प्रक्रिया, रिटर्निंग अधिकारियों के कामकाज, प्रशासनिक व्यवहार और आदर्श आचार संहिता के पालन पर विस्तार से चर्चा होगी।
गोगोई ने कहा कि पार्टी यह समझने की कोशिश करेगी कि चुनाव के दौरान उम्मीदवारों ने किन परिस्थितियों का सामना किया और क्या प्रक्रियात्मक खामियां रहीं।
लोकतंत्र और विपक्ष की भूमिका पर जोर
हार के बावजूद गौरव गोगोई ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एक ही दल के वर्चस्व को लोकतंत्र के लिए चुनौती बताते हुए राहुल गांधी को लोकतंत्र का मजबूत समर्थक करार दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भी ‘नए असम’ के विजन पर काम करती रहेगी और जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.