कहीं पानी, कहीं कीचड़... INDIA गठबंधन की महारैली से पहले रामलीला मैदान की तस्वीरें आईं सामने

HIGHLIGHTS
- रैली में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
- रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम प्रस्तावित है।
- सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई है।
नई दिल्ली। रामलीला मैदान में रविवार को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं, बारिश के कारण रामलीला मैदान में पानी भर गया है और कीचड़ होने से रैली की तैयारियां भी प्रभावित हुई हैं।
रैली में करीब 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगभग चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है।
रामलीला मैदान के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए जा रहे हैं। जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। इसके अलावा, रैली के दौरान प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 150 अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाली रैली की सुरक्षा पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर रखेंगे। हर जोन की जिम्मेदारी एसीपी स्तर के अधिकारी को दी जाएगी, जबकि दो जोन की निगरानी एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे।
मैदान और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के साथ बॉडी-वॉर्न कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण वाहन और निगरानी उपकरणों से लैस गाड़ियां भी तैनात रहेंगी।
आयोजकों को भी सुरक्षा इंतजामों में सहयोग के निर्देश
दिल्ली पुलिस ने रैली के आयोजकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने को कहा है। उन्हें रणनीतिक स्थानों पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने रैली में आने वाले आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और उन्हें लाने वाली बसों की जानकारी भी मांगी है। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था तय करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बनाने को कहा गया है। इसके अलावा, मैदान में रात के समय किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं होगी।
आयोजकों को अनुशासन बनाए रखने और ऐसे भाषणों से बचने की हिदायत भी दी गई है, जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका हो।
16 नवंबर तक दिल्ली में तैनात रहेंगी CAPF की 270 कंपनियां
रैली और विभिन्न संगठनों की ओर से अचानक प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 270 कंपनियों की तैनाती अवधि तीसरी बार बढ़ा दी है। अब ये कंपनियां 16 नवंबर तक दिल्ली में तैनात रहेंगी।
इस महीने की शुरुआत में सीजेपी के प्रदर्शनों को देखते हुए इन बलों को दिल्ली बुलाया गया था। इनकी तैनाती और समन्वय की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.