रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली से दिल्ली में जाम की आशंका, कई रास्तों पर विशेष व्यवस्था

HIGHLIGHTS
- ट्रैफिक पुलिस सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष व्यवस्था लागू रखेगी।
- बहादुर शाह जफर मार्ग, JLN मार्ग और मिंटो रोड पर जाम की आशंका है।
- कमला मार्केट, हमदर्द चौक और ITO के आसपास यातायात पर नजर रखी जाएगी।
नई दिल्ली। मतदाता सूची के SIR में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन की रैली आज दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होगी। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने मध्य दिल्ली में विशेष इंतजाम किए हैं। आवश्यकता पड़ने पर 10 प्रमुख स्थानों पर वाहनों का रूट बदला जा सकता है।
मध्य दिल्ली के कई रास्तों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका
यातायात पुलिस के मुताबिक, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, डीबीजी रोड और बाराखंभा रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है।
कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, ITO ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर भी यातायात की निगरानी की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिसकर्मी होंगे तैनात, रैली में आने वालों के लिए पार्किंग तय
मध्य जिले के यातायात उपायुक्त के. रमेश ने बताया कि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। रैली में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए एलएन अस्पताल के सामने रेलवे पार्किंग, डीएमआरसी पार्किंग और राजघाट सहित कुछ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रमुख चौराहों पर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए एलएन अस्पताल के आगे अलग रास्ता बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर डीटीसी बसों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जा सकता है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक की संभावित परेशानी को देखते हुए घर से पर्याप्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
डीबीजी रोड की तरफ से आने वाले यात्री: चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का रास्ता अपना सकते हैं।
पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री: ITO, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग के जरिए स्टेशन पहुंच सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.