AIBE 21 Result 2026 जारी, 65.92% अभ्यर्थी पास; ऐसे करें रिजल्ट चेक

HIGHLIGHTS
- बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने 21वीं ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) का रिजल्ट जारी कर दिया है, उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परिणाम देख सकते हैं।
- परीक्षा में शामिल 1,75,701 अभ्यर्थियों में से 1,15,805 उम्मीदवार सफल घोषित हुए, जबकि कुल पास प्रतिशत 65.92% रहा।
- BCI ने कट-ऑफ में 3 अंकों की कमी की है और सफल उम्मीदवारों को Certificate of Practice (CoP) जारी किया जाएगा। AIBE-22 परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने की संभावित तारीख जारी की गई है।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने 21वीं ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट allindiabarexamination.com पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं और उसे डाउनलोड भी कर सकते हैं। परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को अपनी AIBE ID, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा।
AIBE 21 रिजल्ट में कितने अंक कम किए गए?
रिजल्ट जारी करने से पहले बार काउंसिल की मॉनिटरिंग कमेटी ने प्रश्नपत्र और परिणामों की समीक्षा की। समीक्षा के बाद समिति के सभी सदस्यों ने योग्यता अंक यानी कट-ऑफ में 3 अंकों की कमी करने का निर्णय लिया। इससे पहले सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 45 अंक और SC, ST व PwD वर्ग के लिए 40 अंक तय किए गए थे। संशोधन के बाद कट-ऑफ में 3 अंकों की कटौती की गई, जिसके बाद परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 65.92 प्रतिशत रहा।
कितने उम्मीदवार हुए सफल?
AIBE 21 परीक्षा में कुल 65.92 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस परीक्षा में 1,75,701 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 1,15,805 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है। वहीं 59,876 उम्मीदवार सफल नहीं हो पाए। इसके अलावा 20 मामलों में कथित कदाचार की जांच अभी जारी है।
परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों का विवरण:
- 64,784 महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 42,757 सफल रहीं।
- 1,10,909 पुरुष उम्मीदवारों में से 73,045 अभ्यर्थी पास हुए।
- 8 ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों में से 3 ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।
राज्यवार भी जारी किए गए परिणाम के आंकड़े
BCI ने अलग-अलग राज्य बार काउंसिल के आधार पर भी परीक्षा परिणाम के आंकड़े जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 16,788 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 13,098 अभ्यर्थी सफल रहे। वहीं दिल्ली से 5,757 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी, जिनमें से 3,071 उम्मीदवार पास हुए।
रिजल्ट फाइनल आंसर-की के आधार पर तैयार किया गया है। परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से Certificate of Practice (CoP) जारी किया जाएगा। यह प्रमाणपत्र उम्मीदवारों को अपने संबंधित स्टेट बार काउंसिल से प्राप्त करना होगा।
कब आयोजित हुई थी AIBE 21 परीक्षा?
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने AIBE 21 परीक्षा का आयोजन 7 जून 2026 को किया था। इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था नहीं थी, यानी गलत जवाब देने पर उम्मीदवारों के अंक नहीं काटे गए। परीक्षा के बाद जारी फाइनल आंसर-की के आधार पर अब परिणाम घोषित किया गया है।
सफल उम्मीदवार अब Certificate of Practice (CoP) प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि रिजल्ट और आगे की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
AIBE-22 का संभावित शेड्यूल जारी
AIBE-21 के परिणाम के साथ ही BCI ने AIBE-22 की संभावित समय-सारिणी भी जारी कर दी है। अगली परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 अगस्त 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 27 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
AIBE 21 रिजल्ट कैसे चेक करें?
उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट allindiabarexamination.com पर जाएं।
- होमपेज पर AIBE 21 Result 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
- अब अपनी AIBE ID, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करें।
- लॉगिन करने के बाद Result विकल्प पर क्लिक करें।
- आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- भविष्य के लिए रिजल्ट डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.