संतकबीरनगर में खेत में खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो किसानों की मौत; दो गंभीर

HIGHLIGHTS
- संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र के बाड़ों सिवान में रविवार दोपहर खूनी संघर्ष हुआ।
- गेहूं की बोआई करा रहे किसानों पर बाइकों से पहुंचे करीब 15 हमलावरों ने हमला किया।
- हमलावरों ने चार लोगों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
संतकबीरनगर। यूपी के संतकबीरनगर जिले में मेंहदावल थाना क्षेत्र के बाड़ों सिवान में रविवार दोपहर वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। खेत में गेहूं की बोआई करा रहे किसानों पर बाइकों से पहुंचे करीब 15 हमलावरों ने अचानक गोलियां बरसा दीं। हमलावरों ने चार लोगों को निशाना बनाकर फायरिंग की और लाठी-डंडों से भी हमला किया। इस वारदात में प्रहलाद (42) और ट्रैक्टर चालक रामकेश (34) की मौत हो गई, जबकि घनश्याम और सहसराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जमोहरा गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जमोहरा गांव निवासी प्रहलाद पुत्र राजकुमार, घनश्याम पुत्र रामसुभग, सहसराम पुत्र सुमेर और ट्रैक्टर चालक रामकेश पुत्र फेंकू रविवार दोपहर करीब ढाई बजे बाड़ों सिवान में खेत की बोआई करा रहे थे। इसी दौरान अजय यादव और मुरलीधर यादव समेत करीब 15 लोग बाइकों से वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक खेत से कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल ही खेत की ओर बढ़ने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों में शामिल चार लोगों ने खेत में पहुंचते ही असलहों से लगातार फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली प्रहलाद के सिर में लगी, जिससे वह खेत में गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने घनश्याम को निशाना बनाया और उन्हें भी गोली लग गई। सहसराम के शरीर में छर्रे धंस गए। वहीं, जान बचाकर भाग रहे ट्रैक्टर चालक रामकेश पर भी गोलियां चलाई गईं। फायरिंग के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया।
अचानक हुई गोलीबारी से खेत में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई। इसके बाद आरोपियों ने एक बाइक में आग लगा दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों की सहायता से चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रहलाद और रामकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घनश्याम और सहसराम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
दिनदहाड़े दो लोगों की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, सीओ सर्वदवन सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर दुधारा, बेलहर, धर्मसिंहवा और बखिरा थानों की पुलिस को भी बुलाया गया। जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
घटना के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हमलावरों के आने-जाने के रास्तों, वारदात की वजह और आपसी रंजिश सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
आयुक्त और डीआईजी ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम करीब सात बजे मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी संजीव त्यागी भी जमोहरा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों से मिलकर घटना के संबंध में जानकारी ली। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.