इंदौर में दिलजीत दोसांझ का जलवा, ‘5 तारा’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ पर झूमे फैंस

HIGHLIGHTS
- दिलजीत दोसांझ ने रविवार रात इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट किया।
- कार्यक्रम ‘आरा इंडिया टूर 2026’ के तहत आयोजित हुआ।
- रात आठ बजे शुरू हुए कार्यक्रम के लिए फैंस दोपहर दो बजे से पहुंचने लगे थे।
इंदौर। रात के आठ बजते ही स्टेडियम का माहौल जोश और उत्साह से भर गया। हजारों दर्शकों की नजरें मंच पर लगी थीं। इसी बीच सफेद कपड़ों, काले चश्मे और अपने खास अंदाज में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने शानदार एंट्री की। चांद के आकार वाले प्लेटफॉर्म से मंच तक पहुंचे दिलजीत का दर्शकों ने तालियों और जोरदार शोर के साथ स्वागत किया। इसके बाद संगीत, मस्ती और दमदार परफॉर्मेंस का सिलसिला शुरू हो गया।
दिलजीत दोसांझ ने अपने ‘आरा इंडिया टूर 2026’ के तहत रविवार रात इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट किया। कार्यक्रम की शुरुआत रात आठ बजे हुई, हालांकि अपने पसंदीदा कलाकार को देखने के लिए प्रशंसक दोपहर दो बजे से ही स्टेडियम पहुंचने लगे थे। मंच पर पहुंचते ही दिलजीत ने हाथ उठाकर सभी का अभिवादन किया और अपने लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन शुरू कर दिया।
‘5 तारा’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ पर थिरके दर्शक
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपने करियर के अलग-अलग दौर के मशहूर गाने पेश किए। कार्यक्रम की शुरुआत से ही हिट गानों की झड़ी लगी रही। ‘5 तारा’, ‘गोट’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ जैसे ट्रैक पर दर्शक जमकर झूमे। वहीं, ‘डू यू नो’ की धुन बजते ही हजारों फैंस गायक के साथ गुनगुनाते नजर आए। मंच से आती आवाज और दर्शकों की एक साथ गूंजती गायकी ने पूरे स्टेडियम को म्यूजिक एरिना जैसा माहौल दे दिया।
दिलजीत की प्रस्तुति में पंजाबी पॉप के साथ लोक संगीत की झलक भी देखने को मिली। दर्शक लगातार गानों पर थिरकते रहे और हर नई प्रस्तुति के साथ माहौल का उत्साह बढ़ता गया।
आतिशबाजी और लेजर लाइट से जगमगाया स्टेडियम
कॉन्सर्ट में संगीत के अलावा रोशनी और आधुनिक तकनीक का शानदार संगम भी देखने को मिला। कभी आतिशबाजी से आसमान रोशन हो जाता तो कभी लेजर लाइट की रंग-बिरंगी किरणें पूरे स्टेडियम में फैल जातीं। दर्शकों के हाथों में बंधे लाइट बैंड भी गानों की धुन के साथ एकसाथ चमकते रहे।
रात करीब नौ बजे दिलजीत ने लगभग दस मिनट का ब्रेक लिया। इस दौरान उन्होंने इंदौर के मशहूर शायर राहत इंदौरी को याद किया और उनकी गजल का एक शेर सुनाया- 'अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है... सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।'
पंजाब से भी इंदौर पहुंचे दिलजीत के प्रशंसक
दिलजीत की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए पंजाब से भी बड़ी संख्या में फैंस इंदौर पहुंचे। कार्यक्रम में छोटे प्रशंसक भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। कई बच्चे अपने पसंदीदा गायक की तरह सफेद कपड़े, काले सनग्लासेस और सिर पर स्टाइलिश पगड़ी पहनकर पहुंचे थे।
बच्चों का यह अंदाज स्टेडियम में लोगों का ध्यान खींचता रहा। अपने पसंदीदा कलाकार को सामने देखकर उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आ रही थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.