दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, 15 दिन बाद AQI 300 के नीचे; फिर बढ़ सकता है प्रदूषण

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में तेज हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट दर्ज की गई।
- रविवार को करीब 15 दिन बाद AQI 300 से नीचे 290 रिकॉर्ड किया गया।
- दिवाली के बाद रविवार दिल्ली में सबसे साफ हवा वाला दिन रहा।
नई दिल्ली। राजधानी में तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आई है, लेकिन जहरीली हवा का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। हवा की दिशा में बदलाव से प्रदूषक कणों को फैलने में मदद मिली है, जिससे वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार दर्ज किया गया। इसके बावजूद दिल्ली की हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है और एक्यूआई के बेहद खराब स्तर पर पहुंचने का खतरा बरकरार है।
करीब एक पखवाड़े से अधिक समय बाद रविवार को पहली बार एक्यूआई 300 से नीचे दर्ज किया गया। दिवाली के बाद रविवार दिल्ली के लिए सबसे साफ हवा वाला दिन रहा। इस दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 290 रिकॉर्ड किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। शनिवार के मुकाबले इसमें 77 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, रविवार को हवा दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर औसतन 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। सोमवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, मंगलवार को भी उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चल सकती है, जिसकी रफ्तार करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।
दूसरी ओर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने अनुमान जताया है कि सोमवार शाम से दिल्ली की हवा एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मानकों से कई गुना अधिक पीएम2.5 और पीएम10
सीपीसीबी के अनुसार, हवा में मौजूद हानिकारक पीएम2.5 कणों के स्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार शाम पांच बजे पीएम2.5 का स्तर 167.6 और पीएम10 का स्तर 281.2 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रिकॉर्ड किया गया। ये दोनों आंकड़े निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक हैं। सीपीसीबी के मुताबिक, 13 नवंबर को आग लगने की छह घटनाएं भी दर्ज की गईं।
बारिश का भी जताया गया था अनुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई थी। इससे वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। आईएमडी ने रविवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान भी व्यक्त किया था।
दिल्ली के लिए एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार होने की उम्मीद है। सिस्टम के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में पीएम2.5 और पीएम10 के स्तर में कमी आ सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.