अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- दलित विरोधी सोच के चलते उत्तराखंड में धुलवाया गया मंच

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर निशाना साधा।
- उन्होंने उत्तराखंड की घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
- सपा अध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम को घोर निंदनीय बताया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तराखंड में हुई घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की दलित विरोधी सोच के चलते उत्तराखंड में मंच धुलवाने जैसी घटना सामने आई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भाजपा की दलित विरोधी सोच ही उत्तराखंड में मंच धुलवाने और नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ एफआईआर कराने की वजह बनी। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को घोर निंदनीय बताया।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने अपनी हार के ‘पराजय-पत्र’ पर खुद ही हस्ताक्षर कर दिए हैं।
कांग्रेस ने भी किया विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस ने सोमवार शाम भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी ने मार्च निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग उठाई। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई नहीं रोकी गई तो गांव-गांव आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने सोमवार शाम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मंच का शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जब इस मामले को उठाया तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी गई।
प्रदर्शन के दौरान सांसद तनुज पुनिया, आराधना मिश्रा मोना, मुकेश सिंह चौहान, सुरेंद्र यादव, संजय शर्मा, ममता चौधरी, अनामिका यादव और वेद प्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.