अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- यूपी में अब 80-20 नहीं, 95-05 की लड़ाई

HIGHLIGHTS
- अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर निशाना साधा।
- उन्होंने सपा सरकार के पुलिस रिस्पांस सिस्टम को बेहतर बताते हुए भाजपा सरकार पर उसे बर्बाद करने का आरोप लगाया।
- नोटबंदी को अखिलेश यादव ने सरकार का अब तक का सबसे भ्रष्ट फैसला बताया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा के पक्ष में अपना मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब मुकाबला 80-20 का नहीं, बल्कि 95-05 का है। भाजपा का कहीं पता नहीं चलेगा। अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। हाथरस कांड के बाद भी ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं, बल्कि महिलाओं के साथ एक से बढ़कर एक दर्दनाक वारदात हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय प्रदेश को सबसे बेहतर पुलिस रिस्पांस सिस्टम दिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव बुधवार को सपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सबसे शर्मनाक बात यह है कि लोगों का यूपी पुलिस से भरोसा उठ चुका है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी कई बार टिप्पणी कर चुके हैं कि क्या यूपी पुलिस को भंग कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर अखिलेश यादव ने इसे सरकार का अब तक का सबसे भ्रष्ट फैसला बताया।
बैंकों को डुबाने के लिए की गई थी नोटबंदी
अखिलेश यादव ने कहा कि देश में बैंकों को डुबाने के मकसद से नोटबंदी लागू की गई थी। उनके मुताबिक, दुनिया के आर्थिक इतिहास में भाजपा सरकार के इस फैसले से ज्यादा भ्रष्ट फैसला कोई दूसरा नहीं होगा। उन्होंने नोटबंदी को भ्रष्टाचार का महासागर बताते हुए कहा कि उस समय इसके कई लक्ष्य गिनाए गए थे, लेकिन पीछे मुड़कर देखने पर उनमें से एक भी पूरा होता नजर नहीं आता।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने धीमे जहर की तरह काम किया। इसके 10 साल बाद भी किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, पेशेवर लोग, नौकरीपेशा लोग और छोटे दुकानदार व व्यापारी इसके प्रभाव से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी भाजपा की वोटबंदी की वजह बनी थी।
26 हजार स्कूल बंद हुए, हर जगह तीन नौकरियां खत्म हुईं
अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक स्कूल में तीन नौकरियां भी समाप्त हो गई हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर कौन-सा प्रोजेक्ट जमीन पर उतरा और उससे कितने लोगों को रोजगार मिला?
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मंत्री विदेश दौरे पर गए, लेकिन निवेश धरातल पर नहीं उतर सका। अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में किसानों को खाद तक नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में बेईमानी से एमएलसी चुनाव तो जीत लिया, लेकिन काशी में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पीडीए का मतलब पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद
12 दिसंबर को अयोध्या जाने से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह केदारेश्वर भी जाएंगे और वृंदावन भी जाएंगे। उन्होंने पीडीए का मतलब बताते हुए कहा कि उनके लिए इसका अर्थ पहले दर्शन करना और फिर आशीर्वाद लेना है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनके घर में पहले से ही शिव और रामगोपाल हैं और वे सभी जगह जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.