करहल पहुंचे अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- इन जिलों में हारेगी भाजपा

HIGHLIGHTS
- उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को डीएपी और खाद उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
- अखिलेश ने कहा कि करहल में मंडी बनती तो किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिल सकता था।
- उन्होंने सपा सरकार के दौरान बने भदान रेलवे ओवरब्रिज का जिक्र किया, जिसे नौ महीने में बनाए जाने की बात कही।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार शाम करहल में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बदायूं, औरैया, कानपुर देहात और कानपुर नगर में भाजपा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता मौजूदा सरकार से निराश हो चुकी है।
अखिलेश यादव करहल में सपा नेता उमेश यादव के बेटे निखिल यादव के विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सवाल किया कि क्या भाजपा ने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिया है और धान को लेकर क्या तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को डीएपी और खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि यहां मंडी बन गई होती तो किसानों को फायदा मिलता और उनकी फसलों का सही दाम मिल पाता। सपा सरकार के कार्यकाल में मंडी में जितना काम हुआ था, आज भी स्थिति उतनी ही है। उन्होंने बताया कि करहल में चौराहों को रोशन किया गया, सड़कों और रेल लाइनों पर ओवरब्रिज बनाए गए। यहां से कुछ दूरी पर स्थित भदान का रेलवे ओवरब्रिज सपा सरकार ने महज नौ महीने में तैयार कराया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा ने कहीं ऐसा ओवरब्रिज बनवाया है?
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर भी रखी बात
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने हाल ही में आगरा में एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें डी यानी दमदार दलित बड़ी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दलित समाज जानता है कि संविधान खतरे में है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बाबा साहब की करीब 200 मूर्तियां तोड़ी गईं, लेकिन किसी भी मामले में कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को आरक्षण न देना पड़े, इसलिए वह सुप्रीम कोर्ट जा रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब मुकाबला 80-20 का नहीं, बल्कि 95-5 प्रतिशत का है।
इस मौके पर विधायक तेज प्रताप यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, वर्तमान एमएलसी मुकुल यादव, विधायक बृजेश कठेरिया, जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य और पूर्व विधायक राजू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.