यूपी चुनाव 2027: भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार होने की खबरों को बताया फर्जी

HIGHLIGHTS
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार होने की खबरों को भाजपा ने खारिज किया है।
- यूपी भाजपा ने इन खबरों को असत्य, निराधार और मनगढ़ंत बताया है।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर से विज्ञप्ति जारी की गई।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों को भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी ने इन खबरों को असत्य, निराधार और मनगढ़ंत बताया है। इस मामले में यूपी भाजपा की ओर से आधिकारिक बयान भी जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थानों की ओर से 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार होने और उसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजे जाने की खबरें लगातार प्रसारित की जा रही हैं। भाजपा ने इन खबरों को फर्जी बताते हुए उनका सिरे से खंडन किया है।
विज्ञप्ति में साफ किया गया है कि भारतीय जनता पार्टी या प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची न तो तैयार की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
बयान में पार्टी ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर आधारित राजनीतिक दल है। विधानसभा या किसी अन्य चुनाव के लिए प्रत्याशियों का चयन एक निर्धारित, सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और पूरी तरह संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत किया जाता है। पार्टी के मुताबिक, प्रत्याशी चयन की यह प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई है।
भ्रामक खबरों को बताया सोची-समझी साजिश
भाजपा ने इस तरह के भ्रामक प्रचार को सोची-समझी साजिश बताया है। पार्टी का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ तत्वों की ओर से निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का माहौल बनाने के मकसद से यह मनगढ़ंत अफवाह फैलाई जा रही है।
पार्टी ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसी तथ्यहीन और भ्रामक खबरों पर किसी भी तरह का भरोसा न करें। साथ ही, केवल पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.